seoni-girl39s-death-due-to-tiger-attack
seoni-girl39s-death-due-to-tiger-attack

सिवनीः बाघ के हमले से बालिका की मौत

सिवनी, 04 अप्रैल (हि.स.)। जिले के दक्षिण सामान्य वनमंडल के परिक्षेत्र सिवनी में बाघ के हमले में एक बालिका की मौत हो गई। घटना बीट खापा के कम्पाटमेंट पी-42 वन क्षेत्र की है। शनिवार की दोपहर महुआ बीन रही कुमारी शिवप्यारी विश्वकर्मा पर बाघ ने हमला कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद आज रविवार सुबह उसका शव परिजन को सौंपा गया। दक्षिण सामान्य वनमंडल के परिक्षेत्र सिवनी सामान्य के प्रभारी वन परिक्षेत्र अधिकारी हरवेन्द्र सिंह बघेल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्राम लेहगी (थाना अरी) निवासी शशिकुमार विश्वकर्मा की पुत्री कुमारी शिवप्यारी (15) महुआ बीन रही थी। इसी दौरान वह बाघ के हमले का शिकार हो गई। हमले की सूचना वन सुरक्षा समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद भलावी से मिली। सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन पर घटना स्थल पर वन विभाग व अरी पुलिस का अमला पहुंचा। तात्कालिक राहत राशि के तौर पर बालिका के परिजन को 10 हजार रुपये की राशि दी गई। वन विभाग द्वारा परिजन को दी जाने वाली 04 लाख रुपये की मुआवजा राशि संभवतः सोमवार तक दे दी जायेगी। शनिवार को देर शाम होने के कारण बालिका के शव का पोस्टमार्टम नही हो पाया था। रविवार की सुबह मुख्य वनसंरक्षक वन वृत सिवनी आर.एस.कोरी , वनमंडलाधिकारी एस.के.एस.तिवारी, उपवनमंडलाधिकारी एल.के.वासनिक ग्राम लेहगी पहुंचे और पीडित परिवार से मिले। मुख्य वनसंरक्षक आर.एस.कोरी ने लोगों से अपील की है कि ग्रामीण महुआ बीनने अकेले न जायें, ग्रुप में जायें। जंगल में प्रवेश करते समय सतर्कता और सावधानी जरूर बरतें। उन्होनें वन कर्मचारियों को सतत् निगरानी रखते हुये क्षेत्र में गश्ती एवं ग्रामीणों को समझाइश देने के निर्देश दिये हैं। हिन्दुस्थान समाचार/रवि सनोडिया/ प्रभात ओझा

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in