rotten-body-of-leopard-found-in-drain
rotten-body-of-leopard-found-in-drain

नाले में पड़ा मिला तेंदुआ का सड़ा-गला शव

ग्वालियर, 31 मार्च (हि.स.)। ग्वालियर वन मंडल के वन परिक्षेत्र ग्वालियर के अंतर्गत छौड़ा गांव के पास नाले में एक नर तेंदुआ का सड़ा-गला शव मिला है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि किसी ने तेंदुआ का शिकार किया है या फिर प्राकृतिक रूप से उसकी मौत हुई है। वन विभाग मामले की जांच-पड़ताल कर रहा है। जानकारी के अनुसार बुधवार को दोपहर करीब एक बजे छौड़ा वन समिति के अध्यक्ष ने वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी कि छौड़ा गांव के पीछे स्थिल नाले में एक तेंदुआ का शव पड़ा है। इस पर छौड़ा वन चौकी से वन कर्मचारियों का एक दल मौके पर पहुंचा तो वहां सड़ी-गली हालत में नर तेंदुआ का शव पड़ा मिला, जिसकी उम्र लगभग ढाई से तीन साल होगी। इसके बाद तेंदुआ का शव उठाकर झांसी रोड स्थित वन डिपो में लाया गया, जहां पशु चिकित्सकों को बुलाकर उसका अंत:परीक्षण कराने के बाद शव को जलाकर नष्ट कर दिया गया। उप वन मंडल अधिकारी राजीव कौशल का कहना है कि तेंदुआ की मौत संभवत: चार से पांच दिन पूर्व हुई है, इसलिए उसका शव सड़ गया है। अभी उसकी मौत का कारण बता पाना मुश्किल है। आगामी दो दिन में उसकी अंत:परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/शरद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in