people-will-take-revenge-for-betrayal-of-congress-in-general-election-jayawardhan
people-will-take-revenge-for-betrayal-of-congress-in-general-election-jayawardhan

आम चुनाव में जनता लेगी कांग्रेस से हुए धोखे का बदला: जयवर्द्धन

गुना, 20 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस ने शनिवार को लोकतंत्र के सम्मान में तिरंगा यात्रा निकाली। इस मौके पर पूर्व मंत्री व राघौगढ़ विधायक जयवर्द्धन सिंह ने राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया और समर्थकों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन (20 मार्च) सिंधिया ने कांग्रेस की चुनी हुई सरकार को गिराकर जनता के साथ धोखा किया। जबकि कमल नाथ को सत्ता का लालच नहीं है, जिसे वे स्पष्ट भी कर चुके हैं। अगर नाथ चाहते, तो उनकी तरह सौदेबाजी कर सकते थे, लेकिन उन्होंने उसूलों से समझौता नहीं किया। कमल नाथ और कांग्रेस के साथ हुए धोखे का बदला प्रदेश की जनता आम चुनाव में लेगी। हालांकि, इस दौरान सुरक्षित शारीरिक दूरी नजर नहीं आई, तो ज्यादातर लोग बिना मास्क या ठोड़ी पर लगाए दिखे। जिला कांग्रेस शहर व ग्रामीण द्वारा शुक्रवार को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया था। इसके लिए कांगेसजन बापू पार्क में एकत्रित हुए। पूर्व मंत्री जयवर्द्धन सिंह के आने के बाद पहले बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद उन्होंने भाजपा पर दल-बदल का आरोप लगाते हुए इसे जनता का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि जब से भाजपा की बेईमान सरकार बनी है, तब से सिंधिया खेमे के मंत्री मनमानी कर रहे हैं। वह अपने क्षेत्रों में ही विकास कार्य करा रहे हैं। भाजपा के निष्ठावान विधायकों के क्षेत्रों में काम नहीं होने से दोनों के बीच सामंजस्य नहीं बैठ पा रहा है। यह सिलसिला सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के साथ ही शुरू हो गया है। जयवर्धन ने सिंधिया समर्थक और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्रसिंह सिसोदिया पर भी मनमानी बदले की भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया। इस दौरान शहर के नवीन टेकरी रोड नामकरण मामले में पूर्व मंत्री ने कहा कि इस पर वे कोई टिप्पणी नही करना चाहते, लेकिन सिंधिया ने दानदाताओं से जिस प्रकार कहा कि जमीन देना उनका काम है, नामकरण करना हमारा काम है। इसमें सिंधिया का अहंकार स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। दानदाताओं को उचित सम्मान मिलना चाहिए। जयवर्द्धन ने कहा कि भाजपा सरकार इस समय खुद परेशान है और जनता महंगाई से जूझ रही है। जिले में प्राकृतिक आपदा के दौरान हुए नुकसान को लेकर भी जयवर्धन ने जिला प्रशासन से तत्काल क्षेत्र में टीमें भेजने की बात कही। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष द्वय हरिशंकर विजयवर्गीय, मानसिंह परसौदा, पूर्व मंत्री केएल अग्रवाल, नुरूलहसन नूर, वीरेंद्रसिंह सिसोदिया, शेखर वशिष्ठ, गोपाल शर्मा, राजेंद्र तिवारी सहित महिला कांग्रेस से सीमा यादव, ऊषा विजयवर्गीय, बिंदु सिंह सहित ब?ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए। हिन्दुस्थान समाचार / अभिषेक

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in