people-are-suffering-from-heat-in-february-itself-this-time-they-will-break-all-records
people-are-suffering-from-heat-in-february-itself-this-time-they-will-break-all-records

फरवरी में ही गर्मी से बेहाल हुए लोग, इसबार टूटेंगे सारे रिकॉर्ड

भोपाल, 28 फरवरी (हि.स.)। पाकिस्तान और उससे लगे उत्तर भारत पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से हवाओं का रुख पश्चिमी और पूर्वी हो रहा है। जिस कारण मप्र में वातावरण भी पूरी तरह शुष्क है। राजधानी भोपाल समेत समूचे प्रदेश में दिन में गर्मी के तेवर लगातार तीखे हो रहे हैं, वहीं रात का तापमान भी बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत से आगे बढ़ जाएगा। इससे रविवार रात से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज होने लगेगी। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अजय शुक्ला ने बताया कि राजधानी भोपाल में हवा का रुख पश्चिमी बना रहने से पूरे प्रदेश में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। इसी क्रम में शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्ष 2007 से अभीतक दूसरी बार फरवरी में दिन इतना गर्म रहा। इसके पहले 21 फरवरी 2019 को भोपाल का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्रीसे. दर्ज हुआ था। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पश्चिमी हवाओं के साथ अरब सागर से कुछ नमी आने लगी है। इससे भोपाल और आसपास बूंदाबांदी के भी आसार बन रहे हैं। उधर सोमवार से तापमान में कुछ कमी आने की भी संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्रीसे. रिकार्ड हुआ। यह सामान्य से एक डिग्री से अधिक है। शनिवार को करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटा की औसत रफ्तार से पश्चिमी हवा चली। हवा के साथ नमी आने से शाम के समय भोपाल, राजगढ़ में कुछ बादल भी छाने लगे हैं। इससे बूंदाबांदी होने की भी संभावना बढ़ गई है। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in