पवैया ने सोनिया गांधी को दी कुनबे को संभालने की नसीहत, भाजपा पर भी कसा तंज
पवैया ने सोनिया गांधी को दी कुनबे को संभालने की नसीहत, भाजपा पर भी कसा तंज

पवैया ने सोनिया गांधी को दी कुनबे को संभालने की नसीहत, भाजपा पर भी कसा तंज

भोपाल, 14 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान में चल रहे सियासी घमासान के बीच प्रदेश के पूर्व मंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता जयभान सिंह पवैया ने एक ट्वीट कर मध्यप्रदेश की राजनीति में भी हलचल मचा दी है। उन्होंने ट्वीट के माध्यम से न केवल कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपने कुनबे को संभालने की नसीहत दी है, बल्कि भाजपा पर भी तंज कसा है। बता दें कि जयभान सिंह पवैया भाजपा के कद्दवर नेता हैं और वे सिंधिया परिवार के घुर विरोधी माने जाते हैं। पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के बाद से ही वे लगातार पार्टी से नाराज चल रहे हैं। सिंधिया के भाजपा में आने के बाद मध्यप्रदेश में सत्ता परिवर्तन हुआ था और अब इसी तरह का माहौल राजस्थान में भी देखने को मिल रहा है। इसी बीच मंगलवार को जयभान सिंह पवैया ने ट्वीट किया है, जिससे प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई है। उन्होंने सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया है कि - ‘हे कांग्रेस की राजमाता! अपने कुनबे को संभालिए ना! आखिर आपकी रूठी हुई राजनीतिक संतानों को हम अपनों के हिस्से का कितना प्यार लुटाते रहेंगे? यदि नहीं संभलता तो किसी दिवालिया फर्म की तरह कांग्रेस प्रायवेट लिमि. का शटर डाउन क्यों नहीं कर देतीं? आप और देश दोनों ही शुकून में रहेंगे।’ उन्होंने इस ट्वीट के माध्यम से दो निशाने साधे हैं। उन्होंने इसके माध्यम से जहां सोनिया गांधी को अपने नेताओं को संभालने की नसीहत दी है, तो वहीं कांग्रेस से आने वाले नेताओं के प्रति प्यार लुटाने वाले भाजपा नेताओं को भी आड़े हाथों लिया है। दरअसल, पिछले विधानसभा के चुनाव पवैया कांग्रेस उम्मीदवार प्रद्युम्न सिंह तोमर से हार गए थे। इसके बाद तोमर कमलनाथ सरकार में मंत्री बने और बाद में सिंधिया के साथ वे भाजपा में आ गए। अब तोमर शिवराज सरकार में फिर मंत्री बन गए। इससे पवैया का नाराजगी और बढ़ती चली गई। कुछ दिन पहले ही पवैया ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों के ग्वालियर दौरे के दौरान महारानी लक्ष्मी बाई की समाधि पर नहीं जाने पर ट्वीट कर नाराजगी जताई थी। हालांकि, भाजपा उनकी नाराजगी दूर करने के प्रयास कर रही है और इसके लिए उन्हें पार्टी ने समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी है। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in