party-workers-proved-that-bjp-does-politics-for-service-not-power
party-workers-proved-that-bjp-does-politics-for-service-not-power

पार्टी कार्यकर्ताओं ने साबित किया सत्ता नहीं,सेवा के लिए राजनीति करती है भाजपा

भोपाल, 06 अप्रैल (हि.स.)। कोरोना संकट के कठिन दौर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह साबित कर दिया है कि उनके लिए सत्ता नहीं, बल्कि जनता की सेवा ज्यादा महत्वपूर्ण है। उन्होंने बता दिया है कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता के लिए राजनीति नहीं करती, वह चुनाव जीतने की मशीन नहीं है, बल्कि सेवा के लिए राजनीति करती है और वो चुनाव नहीं, लोगों के दिल जीतने का अभियान है। यह बात पार्टी के 41वें स्थापना दिवस पर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कही। प्रधानमंत्री मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पार्टी कार्यालय में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान इस कार्यक्रम से जुड़े, जबकि प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं सह संगठन महामंत्री हितानंद जी ने दमोह में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। प्रदेश के सभी जिला कार्यालय, मंडल कार्यालय और बूथ स्तर तक पार्टी के स्थापना दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। हर सफलता के साथ विनम्र और सरल हों पार्टी कार्यकर्ता : प्रधानमंत्री वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आप सभी स्वस्थ और प्रसन्न रहें तथा इसी तरह राष्ट्र की सेवा में लगे रहें। प्रधानमंत्री मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने इस अवसर पर डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, स्व. कुशाभाऊ ठाकरे और राजामाता स्व. विजयाराजे सिंधिया के पार्टी के विकास में योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने लालकृष्ण आडवाणी जी एवं मुरली मनोहर जोशी जैसे नेताओं से मिले आशीर्वाद और मार्गदर्शन को भी याद किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले साल कोरोना संकट के दौरान आप सभी अपना सुख दुख भूलकर जनता की सेवा में लगे रहे। आपने सेवा ही संगठन का संकल्प लिया और उसके लिए काम किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जिस तरह वृक्ष फल लगने पर झुक जाता है, उसी तरह पार्टी कार्यकर्ता भी हर सफलता के साथ नम्र और सरल बनें। मोदी ने कहा कि सत्ता हमारे लिए सेवा का माध्यम है और पद परिश्रम की पराकाष्ठा करने का दायित्व है। उन्होंने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव देश के लिए अगले 25 वर्षों के लक्ष्य तय करने का अवसर है, इसलिए कार्यकर्ता इस महोत्सव से हर नागरिक को जोड़ें। प्रदेश से कोरोना संक्रमण खत्म करने का संकल्प लें कार्यकता : शिवराजसिंह चौहान मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने पार्टी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक की यह यात्रा संघर्षो से भरी रही है। चौहान ने कहा कि भाजपा सिर्फ सत्ता के लिए राजनीति नहीं करती। कोरोना संकट के दौरान जब कोई बाहर नहीं निकल रहा था, प्रधानमंत्री जी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के आह्वान पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने लोगों की हर तरह से मदद की, इसके लिए मैं आप सभी को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि हम अपने लिए नहीं हैं, जनकल्याण के लिए हैं, इसका अनुपम उदाहरण पार्टी कार्यकर्ताओं ने कोरोना संकट के दौरान प्रस्तुत किया। चौहान ने कहा कि अब हमें कोरोना संक्रमण को बढ़ने से रोकना है, लेकिन यह काम सिर्फ सरकार नहीं कर सकती, इसके लिए समाज को खड़ा होना होगा और इस काम में पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता लोगों को मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग रखने, बार-बार हाथ धोने के लिए समझाएं। पात्र लोगों को कोरोना वेक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करें और वेक्सीनेशन सेंटर पर कोई अव्यवस्था न हो, इसका भी ध्यान रखें। चौहान ने कहा कि आज पार्टी के स्थापना दिवस पर सभी कार्यकर्ता प्रदेश को कोरोना संक्रमण मुक्त बनाने और इस काम में सरकार के साथ खड़े होने का संकल्प लें। इसके लिए कार्यकर्ता 181 पर कॉल करके कोरोना वालंटियर के रूप में रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन पार्टी के प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत ने किया। इसके पूर्व मुख्यमंत्री चौहान सहित पार्टी पदाधिकारियों ने पं. दीनदयाल परिसर में स्थित महापुरूषों के प्रतिमाओं पर मार्ल्यापण किया और पार्टी का झण्डा फहराया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता रघुनन्दन शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा, सीमा सिंह, प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल, राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, विघायक रामेश्वर शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता आलोक संजर, पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह, जिला अध्यक्ष सुमित पचैरी सहित मंडल अध्यक्ष व कार्यकर्ता उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in