now-after-the-drizzle-the-cold-will-reverse
now-after-the-drizzle-the-cold-will-reverse

बूंदाबांदी के बाद अब पलटवार करेगी ठंड

ग्वालियर, 05 फरवरी (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार की रात में हुई बूंदाबांदी के बाद शुक्रवार को दोपहर बाद मौसम साफ हो गया। साथ ही उत्तर से ठंडी हवाएं भी आना शुरू हो गई हैं, जिससे दिन व रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि उत्तर से सर्द हवाएं आने से अगले दो से तीन दिन कंपकंपाने वाली ठंड पड़ सकती है। बता दें कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीते बुधवार शाम को बादलों ने दस्तक दी थी। इसके बाद गुरुवार शाम से देत रात तक रुक-रुककर छुटपुट बूंदाबांदी होती रही। इस दौरान शहर में 0.5 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार को भी सुबह से दोपहर तक बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर बाद मौसम पूरी तरह साफ हो गया। इसके साथ ही उत्तर से ठंडी हवाएं भी आना शुरू हो गईं, जिसके चलते पिछले दिन की तुलना में आज अधिकतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 0.8 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान भी 2.3 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 3.5 प्रतिशत अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 86 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से दो प्रतिशत अधिक है, जबकि शाम को हवा में नमी 59 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी सामान्य से 23 प्रतिशत अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार अब दिन के तापमान में वृद्धि और रात के तापमान में गिरावट आएगी। दो से तीन दिन पड़ सकती है तेज ठंड: मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के पूर्व निदेशक डी.पी. दुबे ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ अब बिहार में प्रवेश कर गया है, इसलिए अब ग्वालियर-चम्बल में मौसम शुष्क रहेगा। चूंकि बीते गुरुवार की रात में ग्वालियर सहित अंचल में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हुई है। उधर जम्मू-कश्मीर में अभी बर्फबारी जारी है और वहां से ठंडी हवाएं आना शुरू हो गई हैं, इसलिए अगले दो से तीन दिन अंचल में तेज ठंड पडऩे की संभावना है। हिन्दुस्थान समाचार/शरद-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in