उत्तरी हवाओं से तापमान लुढ़का, गुरुवार से फिर बढ़ेगा

northern-winds-bring-down-temperature-will-rise-again-from-thursday
northern-winds-bring-down-temperature-will-rise-again-from-thursday

ग्वालियर, 02 मार्च (हि.स.)। हवाओं का रुख सोमवार रात से उत्तरी और उत्तर पश्चिमी हो जाने से मंगलवार को न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञानियों के अनुसार इस तरह की स्थिति बुधवार को भी बनी रह सकती है। इसके बाद चार मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवाओं की दिशा एक बार फिर बदलकर दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी हो जाएगी। इससे एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग के अनुसार मौसम में अब ज्यादा परिवर्तन की संभावना नहीं है क्योंकि मंगलवार को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के हिमालयीन क्षेत्र में प्रवेश कर गया है। इसके प्रभाव से ग्वालियर-चम्बल में बादल आने की संभावना तो नहीं है, लेकिन चार मार्च से हवाओं का रुख बदलकर जरूर दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी होने लगेगा, जिससे तापमान में फिर से वृद्धि होगी और गर्मी बढ़ेगी। इसके बाद छह व सात मार्च को एक और पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है, जो काफी मजबूत होगा। इसके प्रभाव से ग्वालियर-चम्बल में बादल आने और बारिश होने की संभावना बनेगी या नहीं? इस बारे में अभी स्पष्ट रूप से कुछ भी कहना मुश्किल है। सुबह और रात में बढ़ी सिहरन: पिछले कुछ दिनों से अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज हो रहा था। इस वजह से वातावरण में गर्मी बढ़ गई थी, लेकिन सोमवार रात से हवाओं के रुख में परिवर्तन हुआ है। अब हवाओं की दिशा उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हो गई है। लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटे की औसत रफ्तार से चल रहीं हवाओं के कारण मंगलवार को सुबह सिहरन महसूस हुई। मंगलवार को अधिकतम तापमान में भी आंशिक गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को भी न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट होने के आसार हैं। मंगलवार की बात करें तो पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस आंशिक गिरावट के साथ 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 11.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो औसत से 0.8 डिग्री सेल्सियस कम है। आज हवाएं उत्तर पश्चिमी चलीं, जिनकी गति आठ से दस किलोमीटर प्रति घंटा रही। आज सुबह हवा में नमी 50 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से चार प्रतिशत कम है, जबकि शाम को हवा में नमी 21 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से छह प्रतिशत कम है। हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in