no-work-is-possible-without-water-dr-sharma
no-work-is-possible-without-water-dr-sharma

बिना जल के कोई कार्य संभव नहीं: डॉ. शर्मा

विश्व जल दिवस पर हुआ सेमिनार उज्जैन, 22 मार्च (हि.स.)। कृषि विज्ञान केन्द्र उज्जैन में सोमवार को विश्व जल दिवस का आयोजन किया गया। आयोजन में सर्वप्रथम सरस्वती पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम को प्रारंभ किया गया। इस एक दिवसीय सेमिनार का विषय था 'भारत में जल बचत एवं कृषि तथा उद्योंगों में जल का सही उपयोग'। कार्यक्रम के शुभारंभ में कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. आरपी शर्मा ने जल दिवस मनाने के मुख्य उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल हमारे जीवन को प्रभावित करता है। घरेलू कार्यों, कृषि, उद्योग, जीवन सभी में बिना जल के कोई कार्य संभव नहीं। केन्द्र के शस्य वैज्ञानिक डॉ. डीएस तोमर ने उपस्थितजनों को जल संरक्षण के सबसे उपयुक्त उपाय रूफ वाटर हार्वेस्टिंग इकाई के विषय में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार रूफ वाटर हार्वेस्टिंग इकाई बनाकर जल संरक्षण कर वर्ष भर पानी का भलीभांति उपयोग किया जा सकता है। साथ ही जल के संसाधनों के विषय में भी विस्तृत जानकारी दी। आयोजन के अगले चरण में केन्द्र के कीट वैज्ञानिक डी.के. सूर्यवंशी ने खेती में जल के महत्व को विस्तृत रूप से बताया। इसी प्रक्रिया में पादप प्रजनक वैज्ञानिक डॉ.एसके कौशिक ने पौधों में जल की उपस्थिति में होने वाली क्रियाओं के महत्व के विषय में चर्चा की। पौधों में पोषक तत्वों की मुख्य भूमिका विषय पर केन्द्र के तकनीकी अधिकारी मृदा विज्ञान राजेन्द्र गवली ने विशेष चर्चा की विश्व जल दिवस के मुख्य उद्देश्यों एवं जल ही जीवन है विषय पर केन्द्र की वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी गजाला खान ने प्रकाश डाला एवं कृषि विज्ञान केन्द्र की जल संरक्षण इकाई का वीडियो प्रदर्शन किया। विश्व जल दिवस के आयोजन में उपस्थित आदान विक्रेताओं को प्रश्नोत्तरी के माध्यम से जल बचत विषय पर जागरुकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। सभी उपस्थित आदान विक्रेताओं के प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विश्व जल दिवस के आयोजन का संचालन एवं आभार केन्द्र की वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी डॉ.मौनी सिंह द्वारा किया गया। साथ ही उन्होंने जल के महत्व पर जागरुकता बिन्दुओं पर प्रकाश डाला। आयोजन में 38 आदान विक्रेताओं ने भाग लिया। हिन्दुस्थान समाचार/मुकेश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in