night-temperature-falls-day-stable
night-temperature-falls-day-stable

रात का तापमान गिरा, दिन का स्थिर

रात का तापमान गिरा, दिन का स्थिर - फिर करवट बदलेगा मौसम, कल आ सकते हैं बादल ग्वालियर, 21 फरवरी (हि.स.)।उत्तर पश्चिम से आईं ठंडी हवाओं के फलस्वरूप रविवार को रात के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि दिन में तेज धूप निकलने से दिन का तापमान स्थिर बना रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर भरोसा करें तो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 23 फरवरी से हवाओं का रुख बदलेगा, जिससे अंचल में बादल आ सकते हैं। इसके चलते रात के तापमान में फिर से वृद्धि होगी। पिछले कुछ दिनों से मौसम शुष्क और हवाओं की गति मंद रहने से रात का तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा था, लेकिन शनिवार की रात से उत्तर पश्चिम से ठंडी हवाएं आना शुरू हो गईं, जिससे रात का तापमान लुढ़क गया। हालांकि रविवार को भी दिन भर करीब दो किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर पश्चिमी हवाएं चलती रहीं, लेकिन धूप काफी तेज होने की वजह से ठंड का असर नजर नहीं आया। शाम को भी ठंड का ज्यादा असर नहीं था। मौसम विभाग के अनुसार मौमस एक बार फिर करवट बदल सकता है क्योंकि इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर में सक्रिय है, जबकि दूसरा प्रबल पश्चिमी विक्षोभ अभी मध्य पाकिस्तान में है, जो अगले 24 घंटे में उत्तर भारत में प्रवेश करेगा। इस सिस्टम की आवृति अधिक होने से 23 फरवरी से हवाओं का रुख एक बार फिर दक्षिणी हो जाएगा। इस सिस्टम के प्रभाव से हवाओं के साथ नमी आने से मध्यप्रदेश के उत्तर क्षेत्र विशेषकर ग्वालियर-चम्बल संभाग में बादल छा सकते हैं। इससे दिन के तापमान में गिरावट और रात के तापमान में वृद्धि की संभावना है। हालांकि इस सिस्टम के प्रभाव से अंचल में बारिश की उम्मीद नहीं है, लेकिन स्थानीय प्रभाव से कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में रविवार को न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 9.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो औसत से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम है, जबकि अधिकतमत तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर बना रहा, जो औसत से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 80 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से 21 प्रतिशत अधिक है, जबकि शाम को हवा में नमी 32 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से मात्र एक प्रतिशत अधिक है। हिन्दुस्थान समाचार/शरद/मयंक

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in