भाजपा में शामिल हुईं नेपानगर की पूर्व विधायक सुमित्रा कासडेकर
भाजपा में शामिल हुईं नेपानगर की पूर्व विधायक सुमित्रा कासडेकर

भाजपा में शामिल हुईं नेपानगर की पूर्व विधायक सुमित्रा कासडेकर

मुख्यमंत्री चौहान, प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने किया पार्टी में शामिल भोपाल, 17 जुलाई (हि.स.)। नेपानगर से कांग्रेस पार्टी की पूर्व विधायक सुमित्रा कासडेकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई हैं। पार्टी के प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने उन्हें पार्टी का दुपट्टा पहनाकर विधिवत पार्टी में शामिल किया। इस अवसर पूर्व विधायक कासडेकर ने कहा कि कांग्रेस ने विकास के कामों में रुचि नहीं ली और हमेशा उनकी उपेक्षा की। क्षेत्र के विकास के लिए विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रही हैं। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने किया। इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री डॉ. अरविन्द भदौरिया, मोहन यादव, विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया मंचासीन थे। अतिथियों का स्वागत प्रदेश कार्यालय मंत्री राजेन्द्रसिंह राजपूत ने किया। कांग्रेस के शासन में घुट रहा था जनप्रतिनिधियों का दमः शिवराजसिंह चौहान सदस्यता ग्रहण समारोह में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी विकास के मंत्र को लेकर चल रही है और अब हम सब मिलकर प्रदेश के विकास के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में जनप्रतिनिधियों का दम घुट रहा था, क्योंकि विकास कार्य ठप थे। जनता का कल्याण और क्षेत्र के विकास की तड़प उनके मन में रही है। चौहान ने कहा कि कांग्रेस डूबता हुआ सूरज है। इसमें वर्षों से एक ही परिवार का नेतृत्व रहा है। एक नेता अध्यक्ष, सीएम और नेता प्रतिपक्ष सभी पदों पर कब्जा जमाते हैं। चौहान ने कहा कि विकास और जनकल्याण भारतीय जनता पार्टी सरकार की प्राथमिकता रही है और सुमित्रा देवी कासडेकर ने क्षेत्र के विकास को लेकर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दल न होकर परिवार है और सुमित्रा देवी कासडेकर ने विधानसभा की सदस्यता से त्याग पत्र देकर जिस भावना और संकल्प के साथ भाजपा की सदस्यता ली है, उस भावना का इस परिवार में सदैव सम्मान किया जायेगा। कांग्रेस सरकार के कुशासन से त्रस्त थे पार्टी के जनप्रतिनिधिः विष्णुदत्त शर्मा समारोह में संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के 15 महीने के कुशासन से जनप्रतिनिधि त्रस्त थे। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने प्रदेश को गर्त में ले जाने का काम किया। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के विकास के लिए जो कल्पना की थी, उसे कांग्रेस सरकार ने पूरा नहीं किया, जिससे जनप्रतिनिधियों का कांग्रेस से मोहभंग होता गया। पूर्व विधायक कासडेकर ने भी विकास के मुद्दे पर कांग्रेस छोड़ भाजपा की सदस्यता ली है। शर्मा ने कहा कि पूरी भाजपा और शीर्ष नेतृत्व आपके साथ हैं और सब मिलकर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में पिछले 100 दिनों में भाजपा सरकार ने जो कार्य किए है वह जनता के हित में रहे हैं। हम सब मिलकर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश की विकास यात्रा को आगे बढ़ायेंगे। विधायकों से मिलते नहीं थे तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथः कासडेकर सदस्यता ग्रहण समारोह में संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सुमित्रा देवी कासडेकर ने कहा कि मध्यप्रदेश में जब कांग्रेस की 15 महीने की सरकार थी, तब विधायक होने के नाते क्षेत्र के विकास को लेकर मैं मुख्यमंत्री कमलनाथ से मिलने भोपाल जाती थी। लेकिन मुख्यमंत्री को विधायकों से मिलने की फुरसत ही नहीं होती थी। क्षेत्र में विकास कार्य ठप्प थे। हमारी कोई सुनवाई नहीं होती थी। कासडेकर ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा मेरे साथ उपेक्षा का व्यवहार किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए ही मैंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in