mp-weather-continuation-of-fluctuations-in-day-and-night-temperature-due-to-changing-winds
mp-weather-continuation-of-fluctuations-in-day-and-night-temperature-due-to-changing-winds

मप्र मौसम: हवाओं का रुख बदलने से दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी

भोपाल, 03 अप्रैल (हि.स.)। मप्र में इन दिनों मौसम पूरी तरह से शुष्क बना हुआ है और गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। हालांकि हवाओं का रुख लगातार परिवर्तनशील बना रहने से मध्यप्रदेश में दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला देखने को मिल रहा है। अधिकतम तापमान में जहां बढ़ोत्तरी हुई है, वहीं न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अभी दो दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने के आसार हैं। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में कोई वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं है। साथ ही हवा का रुख बार-बार बदल रहा है। विशेषकर शाम ढलने के बाद हवा का रुख उत्तरी हो जाने से राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट होने लगती है। सुबह के बाद हवा की दिशा दक्षिण-पश्चिमी हो जाने से अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। अभी दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है। उन्होंने बताया है कि चार अप्रैल को एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में दाखिल होने की संभावना है। इसके प्रभाव से मौसम के मिजाज में फिर बदलाव होने के आसार हैं। शुक्रवार को राजधानी सहित प्रदेश में अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान बढ़ गए हैं। इसी तरह से मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी में बताया गया कि शुक्रवार को पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई, जबकि अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह सामान्य से दो डिग्री से. अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्रीसे. रिकार्ड हुआ। यह सामान्य से तीन डिग्रीसे. कम रहा। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय/मयंक

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in