mp-judge-dies-of-corona-in-satna-civil-surgeon-infected-after-both-doses
mp-judge-dies-of-corona-in-satna-civil-surgeon-infected-after-both-doses

मप्र: सतना में कोरोना से जज की मौत, दोनों डोज लगने के बाद सिविल सर्जन हुए संक्रमित

भोपाल, 07 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश में कोरोना की तस्वीर लगातार भयावह होती जा रही है। बुधवार को कोरोना के कारण जहां एक जज की मौत हो गई, वहीं एक सिविल सर्जन कोविड वैक्सीन के दोनों डोज लगने के बाद पॉजिटिव पाये गये हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए शासन और प्रशासन ने कई जिलों में सख्ती शुरू कर दी है। कोरोना संक्रमण के चलते सतना में कोरोना से 52 वर्षीय अपर सत्र न्यायाधीश की मौत हो गई। उनकी रिपोर्ट पहले पॉजिटिव आई थी और वे होम आइसोलेट थे। बुधवार को उन्हें तबीयत खराब होने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ समय बाद उनकी मौत हो गई। वहीं, मुरैना के जिला अस्पताल के सिविल सर्जन अशोक गुप्ता दूसरा टीका लगने के बाद भी पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें पहला कोविशील्ड का टीका 18 जनवरी 2021 को लगा था तथा दूसरा टीका 24 फरवरी 2021 को लगा था। दूसरा टीका लगने के 41वें दिन यानी 6 अप्रैल 2021 को जब उन्होंने जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजीटिव आई। इधर, कोरोना संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए बुधवार रात से शाजापुर में 58 घंटे का लॉकडाउन लगाया जाएगा। भोपाल, इंदौर और जबलपुर समेत 13 शहरों में भी शनिवार-रविवार का वीकेंड लॉकडाउन लगाया जा सकता है जहां रविवार को पहले से ही लॉकडाउन घोषित है। फिलहाल, कटनी में नाइट कर्फ्यू रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक रहेगा। वहीं, उमरिया जिले में संडे लॉकडाउन का निर्णय लिया गया है। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in