mp-juda-returns-to-work-after-split-strike-ends
mp-juda-returns-to-work-after-split-strike-ends

म.प्र.: फूट पड़ने के बाद काम पर लौटे जूडा, हड़ताल खत्म

भोपाल, 07 जून (हि.स.)। जूनियर डॉक्टर्स में फूट पड़ने के बाद प्रदेश के जूडा पदाधिकारियों ने हड़ताल वापस लेने का ऐलान किया है। प्रदेश में सबसे पहले ग्वालियर और रीवा में जूनियर डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली थी। जूनियर डॉक्टर्स ग्वालियर में काम पर लौट आए। इसके बाद भोपाल में प्रदेश जूडा के पदाधिकारियों ने चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग से मुलाकात के बाद हड़ताल खत्म करने की बात कही। इससे पहले रविवार रात को मंत्री सारंग से हुई चर्चा असफल रही थी। ग्वालियर और रीवा में हड़ताल खत्म होने के बाद जूडा की फूट उजागर हो गई थी। इसके बाद सोमवार को जूडा के पदाधिकारी भोपाल में चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग से मिले। इसके बाद उन्होंने अपनी हड़ताल खत्म करने की घोषणा कर दी, जबकि पहले मांगों को पूरा करने के लिखित आदेश पर ही काम पर लौटने की बात कही थी। जूडा ने मंत्री से चर्चा के बाद कहा सरकार ने सभी मामलों के लिए कमेटी बना दी है। इसलिए हम काम पर लौट रहे हैं। जूडा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरविंद मीणा ने कहा कि हम हाईकोर्ट का सम्मान करते हैं। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और जूडा पदाधकारियों की बैठक में एक कमेटी बनाई गई है। ग्रामीण इलाकों में अनुबंध को लेकर यह कमेटी 2 महीने में निर्णय लेगी। इसलिए हम हड़ताल वापस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी काम पर सभी लौट रहे हैं। ग्वालियर जूडा के जिलाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा का कहना है कि हमारी मांगों को मान लिया गया है, अब हाईकोर्ट के सम्मान और परेशान हो रहे मरीजों के लिए हम काम पर वापस लौट रहे हैं। जूडा के हड़ताल वापसी की घोषणा से एक दिन पहले रविवार को 46 सीनियर रेजीडेंट्स ने भी काम पर लौटना भी शुरू कर दिया था। जूडा के समर्थन पर उतरने में इन 46 सीनियर रेजीडेंट को मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने बर्खास्त कर दिया था। ऐसा माना जा रहा है कि रविवार शाम के बाद ही हड़ताल वापसी की योजना बन गई थी। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने जिन सीनियर रेजीडेंट को बर्खास्त किया था अब वह आदेश वापस लिया जा रहा है। रविवार को बिगड़ गई थी बात रविवार शाम को जूनियर डॉक्टर और चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग की मुलाकात हुई थी, लेकिन हड़ताल खत्म नहीं हुई थी। जूडा ने तीन और मांगें और जोड़ दी थीं। चर्चा के दौरान मंत्री सारंग ने कहा था कि हमने जूडा की मांगें पहले ही मान ली हैं। जूडा हाईकोर्ट के आदेश का सम्मान कर हड़ताल वापस ले और काम पर लौटे। मंत्री से मिलने के बाद मध्यप्रदेश जूडा अध्यक्ष डॉक्टर अरविंद मीणा ने कहा था कि हम मंत्री जी से मिलने खुद आए थे। हम हड़ताल खत्म करना चाहते हैं, लेकिन मंत्री जी ने हमारी मांगों को लेकर न तो कोई आदेश दिया न कोई मीडिया के सामने कोई आश्वासन दिया। हमारी हड़ताल आगे भी जारी रहेगी। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in