mp-crowds-gathered-on-the-banks-of-narmada-on-mauni-amavasya-devotees-took-a-dip-of-faith
mp-crowds-gathered-on-the-banks-of-narmada-on-mauni-amavasya-devotees-took-a-dip-of-faith

मप्र: मौनी अमावस्या पर नर्मदा तटों पर उमड़ी भीड़, श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

भोपाल, 11 फरवरी (हि.स.)। मध्यप्रदेश में गुरुवार को मौनी अमावस्या का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। अलसुबह से ही पुण्यदायनी मां नर्मदा के तटों पर भारी भीड़ उमड़ रही है और श्रद्धालु नर्मदा में मौन रखकर नर्मदा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ ले रहे हैं। इसके अलावा तटों पर पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान जारी है। प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की है और जगह-जगह पुलिस व होमगार्ड के जवान तैनात हैं। मौनी अमावस्या पर अलसुबह से ही श्रद्धालु तालाबों और पवित्र नदियों के घाटों पर पहुंचने लगे थे। होशंगाबाद स्थित सेठानी घाट, बरमान, ओंकारेश्वर, महेश्वर, नेमावर, मंडलेश्वर, भेड़ाघाट स्थित नर्मदा तट पर सुबह से श्रद्धालु स्नान का पुष्ण लाभ ले रहे हैं और तटों पर रामायण पाठ, सुंदरकांड पाठ, अखंड राम धुन, रूद्री निर्माण, सत्यनारायण भगवान की कथा आदि करा रहे हैं। कुछ लोगों ने कन्याभोज और भंडारे का भी आयोजन किया। स्नान के बाद अधिकांश श्रद्घालु देवालयों में पहुंचकर पूजा-पाठ भी कर रहे हैं। घाटों पर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा की व्यवस्था की है। तीर्थनगरी ओंकोरेश्वर में मौनी अमावस्या पर सुबह से बड़ी संख्या में श्रद्धालु नर्मदा स्नान और भगवान ओंकारेश्वर-ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। सुबह से करीब 15 हजार लोग स्नान कर चुके हैं। प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। यहां निमाड़, मालवा के अलावा दूर-दूर से आकर श्रद्धालु नर्मदा के किनारे स्नान कर ओंकार पर्वत की परिक्रमा भी लगा रहे हैं। ओंकारेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित आशीष दीक्षित ने बताया कि 11 माह के बाद भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में प्रवेश और जल-फूल अर्पित करने की अनुमति मिलने से श्रद्धालुओं के साथ ही नगर लोग भी पहुंचकर भगवान के दर्शन कर रहे हैं। इधर खेडीघाट और सिंगाजी में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु नर्मदा नदी में डुबकी लगा रहे हैं। मोटरक्का में नर्मदा तट पर स्थित भगवान जबरेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन के लिए भीड़ लग रही है। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश / उमेद-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in