mp-another-round-of-cold-winter-from-26-january
mp-another-round-of-cold-winter-from-26-january

मप्रः 26 जनवरी से ठिठुरन भरी सर्दी का एक और दौर

भोपाल, 22 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदला हुआ है। दिन के समय तेज धूप निकलने से गर्मी का एहसास हो रहा है। वहीं रात के समय हल्की गुलाबी ठंड राहत दे रही है। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में गुजरात पर बने ऊपरी हवा के चक्रवात और शुक्रवार से उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शनिवार से दिन और रात के तापमान में एकबार फिर बढ़ोतरी की संभावना है। हालांकि 25 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ जाने के कारण 26 जनवरी से फिर तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो सकता है। इस वजह से जनवरी के अंतिम सप्ताह में ठंड बढ़ सकती है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि वर्तमान में गुजरात पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। साथ ही हवा का रुख उत्तर-पूर्वी बना हुआ है। इससे दिन के तापमान में तो बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन रात के तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है। शुक्रवार को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में प्रवेश करने वाला है। तीव्र आवृत्ति वाले इस वेदर सिस्टम से पंजाब, हरियाणा क्षेत्र में बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा हवा के रुख में बदलाव आने से मध्य प्रदेश में भी वातावरण में नमी बढ़ने लगेगी, इस कारण बादल छाने लगेंगे। शनिवार से रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगेगी। 25 जनवरी को यह सिस्टम उत्तर भारत से आगे बढ़ जाएगा। इससे एकबार फिर हवा का रुख बदलकर उत्तरी होने की संभावना है। सर्द हवाएं चलने के कारण 26 जनवरी से वातावरण में सिहरन बढऩे लगेगी। इससे रात के तापमान में गिरावट दर्ज होने लगेगी। हालांकि अब शीतलहर चलने के आसार कम ही हैं। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in