monsoon-came-with-drizzle
monsoon-came-with-drizzle

रिमझिम बारिश के साथ आया मानसून

गुना, 13 जून (हि.स.)। मानसून ने गुना की दहलीज पर दस्तक दे दी है। हालांकि मानसून राजा धूमधड़ाके के साथ नहीं हुआ और दस्तक दबे पांव रही। जिसमें रिमझिम बारिश के साथ उन्होने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। रविवार को दिन भर तपन के साथ शाम को बारिश ने राहत प्रदान की। इस दौरान रिमझिम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक क्षेत्र में मानसून सक्रिय हो गया है और एक, दो दिन में तेज बारिश हो सकती है। विभाग इस साल मानसून बेहतर रहना बता रहा है । तय समय से पहले आया मानसून जैसी की संभावना थी, उसी हिसाब से मानसून क्षेत्र में तय समय से पहले आ गया है। गौरतलब है कि क्षेत्र में मानसून की आमद 15 जून मानी गई है। मानसून ने प्रदेश में जहां समय से पहले दस्तक दी तो क्षेत्र में भी तय समय से पहले उसकी उपस्थिति दर्ज हो गई है। हालांकि तेज बारिश का इंतजार फिलहाल बना हुआ है। विभाग के मुताबिक यह इंतजार भी जल्द खत्म हो सकता है। टिप-टिप बरसा पानी मानसून ने रविवार शाम अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान टिप-टिप पानी बरसा। हालांकि सुबह भी अन्य दिनों की तरह ही तपन की चादर ओढ़ें हुए आई थी। इसके बाद दिन भर लोगों को तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ा। इस बीच रह-रहकर आसमान में छा रहे बादल बारिश की उम्मीद जगा रहे थे। यह उम्मीद शाम को पूरी हुई और इस दौरान रिमझिम पानी बरसा। करीब आधे घंटे तक बादल बरसते रहे। हालांकि लोग मानसून की धमाकेदार उपस्थिति की उम्मीद बांधे हुए थे। जो पूरी नहीं हो पाई। वैसे आसमान पर बादल बने हुए हैं, जो कभी भी तेज अंदाज में बरस सकते हैं। 3 डिग्री गिरा तापमान रविवार को तापमान में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। यह गिरावट रात और दिन दोनों के तापमान में हुई। जहां दिन का तापमान 38.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया तो रात का 22.6 डिग्री रहा, जबकि बीते रोज दिन का तापमान 41. 4 डिग्री दर्ज हुआ था, वहीं रात का 25.7 डिग्री आंका गया था। रविवार को आर्दता सुबह की 50 तो शाम की 56 रही। हिन्दुस्थान समाचार / अभिषेक

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in