mercury-reaches-near-32-degrees-for-the-first-time-in-the-season
mercury-reaches-near-32-degrees-for-the-first-time-in-the-season

मौसम में पहली बार 32 डिग्री के करीब पहुंचा पारा

- मध्यप्रदेश के ऊपर बने प्रति चक्रवात का असर ग्वालियर, 22 फरवरी (हि.स.)। मौसम अब धीरे-धीरे ग्रीष्म ऋतु की ओर बढ़ रहा है। हवाओं का रुख पश्चिमी होने से सोमवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के करीब जा पहुंचा, जो वर्तमान मौसम में अब तक का सबसे अधिक है। इससे पहले सर्वाधिक अधिकतम तापमान तीन फरवरी को 30.4, दस फरवरी को 30.7 और 15 फरवरी को 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम के जानकारों की मानें तो अब दिन व रात के तापमान में गिरावट की उम्मीद नहीं है। मौसम साफ होने से पिछले कुछ दिनों से सूरज के तेवर काफी तल्ख बने हुए हैं, जिससे दिन में ठंड का असर लगभग समाप्त हो गया है। ठंड सुबह, शाम और रात तक ही सीमित रह गई है। साथ ही अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। सोमवार को भी मौसम शुष्क रहने से काफी तेज धूप निकली। हालांकि आठ किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर पश्चिमी हवाएं चलती रहीं, लेकिन हवाओं में ठंडक नहीं थी, इसलिए आज भी दिन में ठंड का असर नहीं था। मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के पूर्व निदेशक डीपी दुबे ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से एक और पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। इसके साथ ही पश्चिमी मध्यप्रदेश से लेकर राजस्थान और गुजरात तक विपरीत चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी बना हुआ है, जिससे हवाओं का रुख पश्चिमी हो गया है। इसी वजह से तापमान बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ग्वालियर-चम्बल में बादल आने की संभावना कम है। स्थानीय प्रभाव से यदि बादल आए भी तो बारिश की संभावना नहीं है, इसलिए अब दिन व रात का तापमान निरंतर बढ़ेगा, जिससे धीरे-धीरे ठंड कम होती जाएगी और हल्की गर्मी महसूस होने लगेगी। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में सोमवार को अधिकतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 4.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 1.2 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 74 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से 15 प्रतिशत अधिक है, जबकि शाम को हवा में नमी 31 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामानय है। हिन्दुस्थान समाचार/शरद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in