mandla-major-explosion-in-steel-plant-located-in-maneri-industrial-area-one-worker-killed
mandla-major-explosion-in-steel-plant-located-in-maneri-industrial-area-one-worker-killed

मंडला: मनेरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित इस्पात प्लांट में बड़ा विस्फोट, एक मजदूर की मौत

मंडला, 12 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंडला जिले के मनेरी औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक इस्पात प्लांट में भट्टियों में काम के दौरान विस्फोट हो गया। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जबलपुर ले जाया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर घटना की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से करीब 90 किमी दूर मनेरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित भूमिज स्टील प्लांट में सरिया बनाने का काम होता है। गुरुवार देर रात भी प्लांट में दो अलग-अलग भट्टियों में काम चल रहा था। दोनों भट्टियों में 7-7 मजदूर पुराना लोहा गलाकर सरिया बनाने का काम कर रहे थे। इस दौरान अचानक एक भट्टी में मजदूरों ने जैसे ही पुराना लोहा डाला वैसे ही विस्फ़ोट हुआ। विस्फोट होते ही प्लांट में अफरा तफरी मच गई। घटना में वहां काम कर रहे सभी सात मजदूर चपेट में आ गए और गंभीर रुप से झुलस कर घायल हो गए। लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए निजी वाहनों से जबलपुर भेजा। हादसे में अवधेश कुमार पटेल (35 वर्ष) निवासी डूंडी जबलपुर की मौत हो गई। जबकि 6 अन्य शिवकुमार, रमेश प्रजापति, आकाश, लाला प्रजापति, प्रमोद पटेल, ब्रजेश गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को जबलपुर के मोहनलाल हरगोविंद दास अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुट गई है। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in