हमारा लक्ष्‍य मध्यप्रदेश को स्वर्णिम प्रदेश बनाना :  विष्णुदत्त
हमारा लक्ष्‍य मध्यप्रदेश को स्वर्णिम प्रदेश बनाना : विष्णुदत्त

हमारा लक्ष्‍य मध्यप्रदेश को स्वर्णिम प्रदेश बनाना : विष्णुदत्त

-मुख्यमंत्री चौहान, प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सिंधिया ने भाजपा में शामिल हुए कार्यकर्ताओं का किया स्वागत भोपाल, 02 जुलाई (हि.स.) । भारतीय जनता पार्टी एक परिवार है। आज से आप इसका अभिन्न अंग बन गए हैं। अब हम एक और एक दो नहीं बल्कि एक और एक ग्यारह मिलकर मध्यप्रदेश के विकास को गति देंगे। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने जनता को झूठ बोला। उनके झूठ का जवाब हमें 24 विधानसभाओं के उपचुनाव में देना है। बूथ लेवल तक जाए और बताएं कि कांग्रेस ने जनता के साथ धोखा किया। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त ने प्रदेश के 30 से अधिक जिलों से आए कांग्रेस से भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेने वाले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के आव्हान पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से पूर्व विधायक, विधानसभा प्रत्याशी, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं महामंत्री, सचिव, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष, राष्ट्रीय सचिव, कांग्रेस कमेटी के 5 जिलाध्यक्ष, 9 कार्यकारी जिलाध्यक्ष, प्रदेश प्रवक्ता, नगरपालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गुरूवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की उपस्थिति में सभी कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी का दुपट्टा पहनाकर पार्टी में शामिल किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता कृष्णमुरारी मोघे, मध्यप्रदेश शासन के मंत्री तुलसी सिलावट, गोविन्द राजपूत, हरदीप सिंह डंग मंचासीन थे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने किया एवं आभार मंत्री तुलसी सिलावट ने माना। प्रदेश कार्यालय मंत्री श्री राजेन्द्रसिंह राजपूत ने अतिथियों का स्वागत किया। भाजपा की सदस्यता लेने वाले कार्यकर्ताओं से श्री शर्मा ने आगे कहा कि श्रद्धेय अम्मा महाराज ने ज्योतिरादित्य सिंधिया में राष्ट्रवाद का जो बीजारोपण किया था उसी के कारण सिंधिया जी ने प्रदेश की जनता के हक में निर्णय लिया। राजमाता जी ने भी मध्यप्रदेश की दूरावस्था करने वाली गोविन्द नारायण सरकार को गिरा दिया था, ठीक उसी तरह सिंधिया ने मध्यप्रदेश को बचाने के लिए कमलनाथ सरकार के विरूद्ध कठोर निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता के लिए सिंधिया जी और उनके समर्थकों ने त्याग किया है। भाजपा हमेशा से एक परिवार के रूप में काम करती रही है और अब आप भी इस परिवार के सदस्य बन गए हैं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हम मिलजुंलकर काम करेंगे उन्होंने कहा कि हम संकल्प लें कि मिलकर मध्यप्रदेश को आगे बढ़ायेंगे। दिग्विजय सिंह ने मध्यप्रदेश का बंटाढार किया श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश में 15 सालों तक भाजपा की सरकार रही, मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने पूरी संवेदनशीलता के साथ काम किया। लेकिन 15 महीनों के लिए आई कमलनाथ सरकार ने प्रदेश दुर्गति कर दी। कमलनाथ ने दिग्विजय सिंह की छाया में प्रदेश का बंटाढार कर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को झूठ बोलने का काम कांग्रेस ने किया। इन्होंने वल्लभ भवन में बैठकर सरकार चलाने की कोशिश की। जनता से हमेशा इनकी दूरी रही। 15 महीनों में प्रदेश में चारों ओर भयावह स्थिति थी। श्री शर्मा ने कहा प्रदेश की दुरावस्था सिंधिया जी और उनके साथियों से देखी नहीं गई। उन्होंने प्रदेश को बचाने के लिए इस्तीफा दे दिया। श्री शर्मा ने कहा कि हम संकल्प लें कि मध्यप्रदेश को आगे बढाने के लिए टीम भावना से काम करेंगे। आने वाले 24 उपचुनावों में पार्टी को ऐतिहासिक जीत दिलाएंगे। हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. मयंक चतुर्वेदी-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in