maa-narmada-jayanti-festival-will-start-from-thursday-collector-took-stock-of-preparations
maa-narmada-jayanti-festival-will-start-from-thursday-collector-took-stock-of-preparations

गुरुवार से शुरू होगा मां नर्मदा जयंती महोत्सव, कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा

होशंगाबाद, 17 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश की जीवनदायिनी मां नर्मदा की जयंती गुरुवार को धूमधाम से मनाई जाएगी। इस दौरान होशंगाबाद दो दिवसीय मां नर्मदा जयंती महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसकी शुरुआत 18 फरवरी को होगी। मां नर्मदा जयंती महोत्सव कार्यक्रम की प्रशासन द्वारा जोर शोर से तैयारियों की जा रही है। बुधवार को कलेक्टर धनंजय सिंह ने सेठानी घाट पहुंचकर महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सेठानी घाट पर जलमंच व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह गौर, जिला पंचायत सीईओ मनोज सरियाम, अपर कलेक्टर जीपी माली, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, एसडीएम आदित्य रिछारिया, पीयूष शर्मा उपस्थित रहे। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में प्रस्तावित मां नर्मदा जयंती महोत्सव कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रीय महाविद्यालय एसपीएम में हेलीपैड व्यवस्था का मौका निरीक्षण किया और हेलीपैड स्थल पर मानक मापदंडों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग को दिए। इसके बाद कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ नाव से सर्किट हाउस से सेठानी घाट तक जलमार्ग का जायजा लिया। उन्होंने डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड को जलमार्ग पर सुरक्षा सम्बन्धी सभी पुख्ता इंतजाम करने तथा सेठानी घाट और सर्किट हाउस घाट पर पर्याप्त होमगार्ड बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समय सीमा में पूरी तैयारियां सुनिश्चित करें कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर नर्मदा जयंती महोत्सव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के आगमन से लेकर मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने हेलीपैड स्थल, सर्किट हाउस एवं मुख्य कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाएं समय सीमा में सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक सेक्टर पर कार्यपालक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे सौंपे गए दायित्वों का पूरी तत्परता से निर्वहन करें। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in