karma-only-makes-a-person-great-narendra-singh-tomar
karma-only-makes-a-person-great-narendra-singh-tomar

कर्म ही व्यक्ति को महान बनाते हैं : नरेंद्रसिंह तोमर

राजपूत समाज के मिलन समारोह में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री तोमर दमोह, 09 अप्रैल (हि.स.)। कोई भी व्यक्ति जन्म से महान नहीं बनता है, वह कर्म से महान बनता है। इस देश में जितने भी महापुरुष हुए हैं वह सभी अपने कर्मों के कारण याद किए जाते हैं। हमारे वर्ग का जो सम्मान है वह जन्म के कारण नहीं बल्कि कर्म के कारण है। हमारे पूर्वजों के कर्मों के कारण हमें मान सम्मान मिलता है, इसलिए इस सम्मान को अपने कर्मों से बचाकर रखने का प्रयास करना चाहिए। यह बात भारत सरकार के कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को दमोह के पथरिया फाटक के पास आयोजित राजपूत समाज के मिलन समारोह को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तोमर ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि सामाजिक क्षेत्र में राजपूत क्षत्रिय समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिसकी छाया में सभी समाज अपने आप को सुरक्षित महसूस करते हैं उस समाज को क्षत्रिय समाज कहा जाता है। उन्होंने कहा कि आज समाज में जो चुनौतियां विद्यमान हैं उनका मुकाबला करने के लिए समाज की सामूहिक शक्ति का होना बहुत जरूरी है। तोमर ने कहा कि राजपूत समाज की जिम्मेदारी है कि देश हित में होने वाले निर्णय का विरोध करने वालों को जवाब दें। प्रदेश सरकार के मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा हमारे समाज का इतिहास त्याग से भरा हुआ है। महाराणा प्रताप से लेकर राजा बुंदेला, छत्रसाल जैसे वीरों के हम वंशज हैं। क्षत्रिय समाज ऐसा समाज है जिसमें देशभक्ति और समाज सेवा कूट-कूट कर भरी हुई है। देशभक्ति और समाज सेवा को हमारा समाज धर्म समझता है। कार्यक्रम को प्रदेश के खनन मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह, पंचायत एवं ग्रामीण मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया एवं पूर्व मंत्री रामपाल सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पुष्पेंद्र हजारी, अमर सिंह राजपूत, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर, देव सिंह, नारायण सिंह, अनुराग वर्धन हजारी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in