kamal-nath-reached-the-women39s-congress-meeting-said--big-session-will-be-held-on-march-8
kamal-nath-reached-the-women39s-congress-meeting-said--big-session-will-be-held-on-march-8

महिला कांग्रेस की बैठक में पहुंचे कमलनाथ, कहा- 8 मार्च को करेंगे बड़ा अधिवेशन

भोपाल, 24 फरवरी (हि.स.)। राजधानी भोपाल स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में बुधवार को महिला कांग्रेस की बड़ी और महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि आज किसी भी चुनाव में जीतने और हारने के पीछे महिलाएँ ही निर्णायक हैं, क्योंकि आज महिलाएं बहुत सक्रिय हैं। 10 साल पहले की राजनीति और आज की राजनीति बहुत बदल गयी है।आज समय ने राजनीति को भी परिवर्तित कर दिया है। इस मौके पर कमलनाथ ने एलान करते हुए कहा कि कांग्रेस की मजबूती के लिये महिला कांग्रेस का मजबूत होना जरूरी है। 8 मार्च महिला दिवस को हम एक बड़ा महिला अधिवेशन करेंगे। कमलनाथ ने कहा कि पहले महिलाएँ सोशल मीडिया पर उतना ज़्यादा सक्रिय नहीं रहती थी, जितनी की आज वो सक्रिय है। हमें एक नई दृष्टि, नये नज़रिये से महिला कांग्रेस को नए सिरे से मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आज महंगाई से, बेरोजगारी से हर वर्ग वर्ग परेशान हैं। आज कृषि क्षेत्र की बात करें, महिलाओं पर अत्याचार की बात करे सभी दुखी है। हम बूथ स्तर पर महिलाओं को सक्रिय करें और मजबूत संगठन बनाये। हर विधानसभा के बूथों पर महिला कांग्रेस का मजबूत संगठन होना चहिए। कमलनाथ ने कहा कि हमारी लड़ाई आज भाजपा के धनबल, प्रशासनिक दबाव व संगठन से है। प्रशासन विधायकों से नहीं, महिलाओं से डरता है। हमें सच्चाई के लिये, न्याय के लिये आक्रामक होने की आज आवश्यकता है। भाजपा ध्यान मोडऩे की राजनीति करती है। आज पेट्रोल- डीजल के भाव बढ़े, जनता त्रस्त है तो यह चंदे की तरफ जनता का ध्यान मोडऩे में लग गये हैं। उन्होंने केन्द्र की भाजपा सरकार और पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 में मोदी जी कितने बड़े-बड़े सपने दिखाते थे, किसानों को, युवाओं को, दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने के लेकिन 2019 में उन्होंने यह सब बाते नहीं की, आज ना ये किसान की बात करते हैं, न युवा की बात करते हैं, आज ये ध्यान मोडऩे के लिये पाकिस्तान की, राष्ट्रवाद की बात करते है। आपको महिलाओं को इस सच्चाई को समझाना है। आप उन्हें समझाइए कि आप हमारा साथ मत दें, कांग्रेस का साथ मत दे लेकिन सच्चाई का साथ जरूर दें। हमें सच्चाई के इस संदेश को लोगों तक पहुंचाना है, भाजपा की हकीकत महिलाओं को बताएं, सच्चाई का साथ देने की अपील करें। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in