intermittent-drizzle-from-morning-to-afternoon-the-mercury-of-the-day-rolled-11-degrees
intermittent-drizzle-from-morning-to-afternoon-the-mercury-of-the-day-rolled-11-degrees

सुबह से दोपहर तक रुक-रुककर हुई बूंदाबांदी, 11 डिग्री लुढ़का दिन का पारा

- शनिवार को भी छाए रह सकते हैं बादल, हल्की बारिश और ओलावृष्टि की भी है संभावना ग्वालियर, 12 मार्च (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। शुक्रवार को दिन भर घने बादल छाए रहे। तड़के सवा तीन बजे से गरज-चमक के साथ दोपहर तक रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही। साथ ही ठंडी हवाएं भी चलती रहीं, जिससे दिन के तापमान में 11.4 डिग्री सेल्सियस की जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। मौसम में ठंडक घुल जाने से हल्की सिहरन बढ़ गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को भी दिन भर मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है। ग्वालियर के गगन में गुरुवार की रात में ही घने काले बादल आ डटे थे। इस दौरान तेज हवाएं भी चली थीं। तड़के करीब सवा तीन बजे से घनघोर गर्जना के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई, जो शुक्रवार दोपहर तक रुक-रुककर जारी रही। दोपहर में कुछ देर तेज बूंदाबांदी भी हुई। इस दौरान शहर में 1.1 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई है। घने बादल छाए रहने की वजह से आज दिन भर में एक बार भी सूरज के दर्शन नहीं हुए, जिससे दिन में हल्की ठंड महसूस हुई, लेकिन शाम को घर से बाहर खुले में तो मौसम ठंडा था, जबकि घर के अंदर गर्मी महसूस हो रही थी। मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के पूर्व निदेशक डी.पी. दुबे ने बताया कि इस समय पश्चिमी विक्षोभ पंजाब और उससे सटे जम्मू-कश्मीर के ऊपर है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से हवाएं नमी लेकर आ रही हैं। इधर मध्यप्रदेश में विपरीत हवाओं के टकराव से कन्वर्जन जोन बन गया है, इसलिए शनिवार शाम तक बादल छाए रहने की उम्मीद है। इस दौरान भी ग्वालियर-चम्बल में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 24.8 डिग्री सेल्सियस पर ही ठहर गया, जो औसत से 6.8 डिग्री सेल्सियस कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 5.0 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज हवाएं दक्षिण पश्चिमी चलीं, जिनकी गति लगभग दस किलोमीटर प्रति घंटा रही। आज सुबह हवा में नमी 54 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से आठ प्रतिशत अधिक है, जबकि शाम को हवा में नमी 55 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी सामान्य से 31 प्रतिशत अधिक है। हिन्दुस्थान समाचार/शरद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in