indore-hospital-lift-fell-from-12-feet-height-former-cm-kamal-nath-was-aboard-with-congress-leaders
indore-hospital-lift-fell-from-12-feet-height-former-cm-kamal-nath-was-aboard-with-congress-leaders

इंदौरः 12 फीट ऊंचाई से गिरी अस्‍पताल की लिफ्ट, कांग्रेस नेताओं के साथ पूर्व सीएम कमलनाथ थे सवार

मुख्यमंत्री ने दिये जांच के निर्देश इंदौर 21 फरवरी (हि.स.)। इंदौर में रविवार शाम को पूर्व सीएम एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ एक हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। दरअसल, वे पूर्व मंत्री रामेश्वर पटेल के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए अस्पताल पहुंचे, जहां जिस लिफ्ट में सवार हुए, तो अचानक लिफ्ट नीचे जा गिरी। हालांकि, इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मामले की जांच के निर्देश दिये हैं। पूर्व मंत्री रामेश्वर पटेल कुछ दिनों से बीमार हैं और उनका इंदौर में एलआईजी चौराहा स्थित डीएनएस अस्पताल में उपचार चल रहा है। पूर्व सीएम कमलनाथ, विधायक सज्जन वर्मा, जीतू पटवारी, विशाल पटेल व अन्य नेताओं के साथ रविवार शाम को अस्पताल पहुंचे। इस दौरान लिफ्ट में सात लोग सवार हो गए। ओवरलोडिंग के चलते लिफ्ट ग्राउंड फ्लोर से 12 फीट नीचे बेसमेंट में जा गिरी। इसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद सभी लोगों को बाहर निकाला गया। डीएनएस अस्पताल प्रबंधन के ध्रुव संघवी ने बताया कि लिफ्ट में मैं भी सवार था। इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई। लिफ्ट थोड़ी नीचे बैठ गई। हमने अस्पताल में नई लिफ्ट लगवाई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करते हुए कहा है कि इंदौर के निजी अस्पताल में लिफ्ट में सवार पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी और अन्य साथियों के गिरने की जानकारी मिली। फोन पर उनका कुशलक्षेम पूछा। ईश्वर की कृपा से सभी सकुशल हैं। इंदौर कलेक्टर को इस दुर्घटना की जांच के आदेश दिये हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि डीएनएस हास्पिटल में लिफ़्ट दुर्घटना की जांच कराई जाएगी। उन्होंने हास्पिटल में लिफ़्ट की ख़राबी और दुर्घटना पर मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने एडीएम हिमांशु चंद्र को जांच के लिए आदेशित किया है। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in