indore-congressmen-play-cricket-at-regal-crossroads-bike-pulled-as-protest
indore-congressmen-play-cricket-at-regal-crossroads-bike-pulled-as-protest

इंदौर: रीगल चौराहे पर कांग्रेसियों ने खेला क्रिकेट, विरोध स्वरूप खींची बाइक

इंदौर, 20 फरवरी (हि.स.)। कांग्रेस द्वारा पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में शनिवार को आहूत बंद का प्रदेश में मिश्रित असर दिखाई दिया। इस दौरान इंदौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रीगल चौराहे पर क्रिकेट खेला, तो सड़क पर रस्सी के सहारे बाइक खींचकर विरोध जताया। इस दौरान पूर्व मंत्री जीतू पटवारी व्यापारियों से दुकानें बंद करने का आग्रह करते दिखाई दिये। पेट्रोल-डीजल, गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दाम और अन्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस ने शनिवार को आधे दिन यानी दोपहर 1 बजे तक के लिए बंद का आह्वान किया था। कांग्रेस के बंद के बीच सुबह से ही लोगों की आवाजाही चालू रही। चाय नाश्ता भी लोगों को मिला। हालांकि 10 बजे बाद कांग्रेसी दुकानों को बंद करवाने मैदान में उतरे। पूर्व मंत्री जीतू पटवारी साइकिल से निकले और हाथ जोड़कर लोगों से दुकान बंद करने का आग्रह किया। विरोध स्वरूप रीगल पर क्रिकेट खेलते हुए कांग्रेसियों ने प्रधानमंत्री मोदी का मुखौटा लगाकर बाइक को रस्सी से बांधकर सड़क पर खींचा। पेट्रोल पंप भी एहतियात के तौर पर सुबह 9 बजे बंद कर दिए गए थे। आवश्यक वस्तुएं पूरी तरह से मिलती रहीं। कांग्रेसियों ने सुभाष नगर चौराहे पर बाइक को रस्सी से बांधकर खींचा और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने बाइक पर प्रधानमंत्री मोदी का मुखौटा लगा रखा था। कांग्रेसियों का कहना था कि भाजपा सरकार में लगातार मंहगाई बढ़ रही है। पेट्रोल 100, गैस टंकी 850 रुपए, डीजल 90 रुपये होने के कारण आम आदमी और गरीब जनता को इनके उपयोग के बारे में अब सोचना पड़ रहा है। घर का बजट भी बिगड़ रहा है। 200-300 रुपये मजदूरी मिलती है। इतनी महंगाई में वह जीवन यापन कैसे करेगा। मोदी सरकार कुंभकर्णीय नींद में हैं। शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने बताया कि आधे दिन के बंद को व्यापारियों का पूरा समर्थन मिल रहा है। बंद शांतिपूर्ण तरीके से करवाया जा रहा है। कांग्रेस नेता-पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में घूम-घूमकर दुकानें, प्रतिष्ठानों को बंद करने का आह्वान कर रहे हैं। बंद को देखते हुए इंदौर पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र बसु ने बताया कि इसके समर्थन में सभी पेट्रोल पंप सुबह 9 से 12 बजे तक बंद रखे गए हैं। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in