
सतना 13 मई (हि. स .)। मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी ने कहा है कि प्रदेश में मिलावटखोरों के खिलाफ सिर्फ एक ही कानून बनना चाहिए वह है अतिशीघ्र फ़ांसी की सजा। उन्होंने कहा कि चाहे दवाओं में मिलावट की बात हो, चाहे खाद्य पदार्थो की बात हो, सरकार को इसमें एक मजबूत कानून लाये जाने की आवश्यकता है। ऐसा कानून जिसमे जल्द से जल्द सुनवाई हो, आरोपियों को दण्डित किया जा सके। विधायक त्रिपाठी ने कहा कि जब तक मिलावटखोरों के मन में कानून का भय व्याप्त नहीं होगा इस परम्परा को रोका नहीं जा सकता। मैहर विधायक ने कहा कि आज प्रदेश की राजधानी में नकली रेमडेसिविर इंजेक्शन की वजह से तीन लोगों की जान चली गयी। विगत दिनों जबलपुर में भी इस तरह का मामला सामने आया था। रुपया कमाने की होड़ में लोग इतने मदान्ध हो चुके हैं कि इन मिलावटखोरों को मानवता का ध्यान नहीं रह गया। एक तो लोग इस महामारी में असामयिक काल के गाल में समा रहे हैं ऊपर से ये मिलावटखोर लोगो की बलि ले रहे हैं। यह मानवता के खिलाफ सबसे बड़ा अपराध है। ऐसे मानवता के दुश्मनो को फांसी की सजा वह भी जल्द से जल्द मुकर्रर की जानी चाहिए। हिंदुस्थान समाचार/ श्याम पटेल