forest-department-arrested-8-leopard-poachers
forest-department-arrested-8-leopard-poachers

तेंदुए के 8 शिकारियों को गांव से वन विभाग ने किया गिरफ्तार

अनूपपुर, 04 फरवरी (हि.स.)। खुटवां बीट सकोला गांव में गत एक फरवरी को खेत की मेढ़ एक तेंदुआ मरा हुआ पाया गया था। इस मामले में वन विभाग द्वारा बीती देर रात तेंदुए के शिकार में 8 शिकारियों को गांव से गिरफ्तार किया है। शिकारियों से तेंदुआ के निकाले गए नाखून, दांत और शिकार में उपयोग किए जीआई तार, रस्सी और सामग्रियों को भी बरामद किया है। आरोपितों में उदयपाल पटेल, बाबूलाल बैगा, संतराम प्रजापति, चेतराम बैगा, संतलाल बैगा, जलकंदुरू बैगा, मैकू बैगा, रामबहोर बैगा सभी निवासी सकोला गांव बताए गए हैं। वनविभाग अनूपपुर एसडीओ ओजी गोस्वामी ने गुरुवार को बताया कि पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपित उदयपाल पटेल, बाबूलाल बैगा, संतराम प्रजापति पहले से क्षेत्र में शिकार करने के आदी रहे हैं। इन शिकारियों ने खेत में शिकार के लिए सुनियोजित तरीके से खेत के चारो ओर फंदा लगा रखा था। इसमें बाबूलाल बैगा खेत में रात के समय जीआई तार के फंदे लगाकर सुबह हटा लेता था, ताकि ग्रामीणों को शिकार का शक नहीं हो। घटना स्थल वाले खेत में अभी गेहूं की फसल लगी है, जहां चीतल, सुअर सहित अन्य जंगली जानवर फसल खाने खेत पहुंचते थे, और शिकार बन जाते थे। मुख्य आरोपित द्वारा खेत के चोरों ओर जीआई तार से फेंसिंग कर एक स्थान पर छोटा सा जगह छोड़ा गया है, जिसमें फंदा लगता था। घटना के दिन तेंदुआ फंस गया, जिसकी मौत हो गई। सुबह बाबूलाल बैगा ने देखा कि तेंदुआ मरा हुआ है। ग्रामीणों की नजर से बचने जल्दी से तेंदुआ के शव को बाहर निकाल मेड़ पर फेंक दिया। इसके बाद अन्य शिकारियों ने मिलकर उसके दांत, नाखून निकाले और शव को वहीं छोड़ दिया। विभागीय कार्रवाई से बचने के लिए आरोपितों ने छुलहा के पेड़ में नाखून को छिपा दिया था, जिसे बरामद कर लिया गया है। हिन्दुस्थान समाचार/ राजेश शुक्ला-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in