fog-prevailed-in-the-morning-cold-wave-occurred-during-the-day
fog-prevailed-in-the-morning-cold-wave-occurred-during-the-day

सुबह छाया रहा कोहरा, दिन में चली शीत लहर

ग्वालियर, 29 जनवरी (हि.स.)। दो दिन मौसम शुष्क रहने के बाद शुक्रवार को फिर से कोहरे ने दस्तक दे दी। हालांकि दिन में मौसम साफ रहा, लेकिन दिन भर सर्द हवाएं चलती रहीं, जिससे शीत लहर की स्थिति बनी रही। मौसम के जानकारों की मानें तो एक फरवरी तक शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में वृद्धि होगी। ग्वालियर शहर में बीते गुरुवार को देर रात में ही कोहरे ने दस्तक दे दी थी, जो शुक्रवार को सुबह करीब नौ बजे तक डटा रहा। इस दौरान दृश्यता लगभग 150 मीटर थी। सुबह नौ बजे के बाद धीरे-धीरे कोहरा छटना शुरू हुआ तो धूप निकल आई। दोपहर में अच्छी खासी धूप निकली, लेकिन दिन भर आठ से दस किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर पूर्वी सर्द हवाएं चलतीं रहीं, जिससे दिन भर सिहरन बनी रही, जबकि शाम होते ही सर्दी चरम पर थी। मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के पूर्व निदेशक डी.पी. दुबे ने बताया कि आगामी एक फरवरी तक उत्तरी हवाएं चलने से शील लहर की स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद मौसम में परिवर्तन देखने को मिलेगा क्योंकि दो फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ आएगा, जो पंजाब होते हुए जम्मू-कश्मीर की ओर जाएगा। इसके साथ ही दक्षिण उड़ीसा में एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इन दोनों सिस्टामों के प्रभाव से हवाओं की दिशा बदलकर दक्षिण पश्चिमी हो जाएगी। इन सिस्टमों का प्रभाव दो से चार फरवरी तक रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान में वृद्धि होगी और सर्दी में कमी आएगी। इन सिस्टमों का प्रभाव समाप्त होने के बाद पांच फरवरी से एक बार फिर उत्तरी हवाएं आने से न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू होगी। सर्द हवाओं से लुढ़का अधिकतम पारा: शुक्रवार को दिन भर दस किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलीं उत्तर पूर्वी सर्द हवाओं के प्रभाव से अधिकतम तापमान में जहां दो डिग्री सेल्सिसय की गिरावट दर्ज की गई है तो वहीं रात से सुबह तक कोहरा छाया रहने से न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 94 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से 23 प्रतिशत अधिक है, जबकि शाम को हवा में नमी 43 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से एक प्रतिशत कम है। हिन्दुस्थान समाचार/शरद-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in