farmers-will-get-kisan-samman-card-agriculture-minister-patel
farmers-will-get-kisan-samman-card-agriculture-minister-patel

किसानों को मिलेंगे किसान सम्मान-कार्ड : कृषि मंत्री पटेल

भोपाल, 23 मार्च (हि.स.)। प्रदेश के किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने कहा कि किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिये समस्त प्रकार की सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिये सरकार प्रतिबद्ध है। मंत्री पटेल मंगलवार को हरदा में आयोजित जिला-स्तरीय कृषि विज्ञान मेले में किसानों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों को किसान सम्मान-कार्ड दिये जायेंगे। इस कार्ड में कृषि को उन्नत बनाने और कृषि संबंधी योजनाओं से किसानों को लाभान्वित करने के लिये सभी आवश्यक जानकारी रहेगी। कृषि मंत्री पटेल ने कहा कि हरदा मंडी को आधुनिक बनाया जायेगा। किसानों के लिए एयरकूल्ड विश्राम-गृह बनाये जायेंगे। मंडी प्रांगण में ही किसानों के लिये गुणवत्तापूर्ण दैनिक उपयोग की वस्तुएँ, कृषि संबंधी सामग्री उचित दाम पर उपलब्ध कराई जायेगी। मंडी परिसर में ही किसानों के लिए कैंटीन की व्यवस्था की जायेगी। मंडी परिसर की सड़कों का चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण किया जायेगा। कृषि विज्ञान मेले में कृषको के सहयोगी विभाग उद्यानिकी, मत्स्य-पालन, पशु-पालन, रेशम-पालन, कृषि अभियांत्रिकी आदि विभागों में संचालित योजनाओं की जानकारी दी गयी। कृषि वैज्ञानिक डॉ. एस.के. तिवारी ने उन्नत कृषि तकनीकी, नरवाई प्रबंधन, ग्रीष्मकालीन मूँग फसल उत्पादन एवं जैविक खेती संबंधी जानकारी दी। मेले में कृषि एवं अन्य संबद्ध विभागों ने स्टाल लगाकर कृषकों को आदान संबंधित जानकारी दी। कृषि मंत्री पटेल ने 'आत्मा' योजनांतर्गत आयोजित डिप्लोमा प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रथम बैच के उत्तीर्ण 38 कृषि आदान विक्रेताओं को प्रमाण-पत्र वितरण किये। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पथ-विक्रेता योजना अंतर्गत 120 हितग्राहियों को 12 लाख रुपये की राशि के प्रमाण-पत्र भी वितरित किये गये। इस अवसर पर कृषि एवं अन्य संबद्ध विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में कृषक मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in