dump-sand-of-3-crores-collected-in-the-ravines-of-chambal-mixed-in-the-soil
dump-sand-of-3-crores-collected-in-the-ravines-of-chambal-mixed-in-the-soil

चम्बल के बीहड़ों में एकत्रित 3 करोड़ की डम्प रेत मिट्टी में मिलाई

मुरैना, 29 जून (हि.स.)। चम्बल नदी के प्रतिबंधित क्षेत्र से रेत का अवैध उत्खनन करने वाले माफियाओं के विरुद्ध मंगलवार सुबह ही बड़ी कार्यवाही आरंभ की गई। प्रशासन द्वारा भारी पुलिस बल व वन अमले के साथ बीहड़ों में एकत्रित किये गये रेत को मिट्टी में मिलाये जाने की कार्यवाही मंगलवार सुबह 7 बजे से ही शुरू कर दी गई। 6 से अधिक जेसीबी और डोजर मशीनों से दोपहर तक एक हजार से अधिक ट्रॉली रेत को मिट्टी में मिलाकर बर्बाद कर दिया गया। इस रेत की कीमत बाजार में 3 करोड़ रूपये बताई जा रही है। लगभग 6 माह बाद प्रशासन, पुलिस व वन विभाग की यह संयुक्त कार्यवाही रेत का अवैध उत्खनन करने वाले माफियाओं को यह संदेश है कि आगामी समय में भी इस तरह की कार्यवाही की जाती रहेंगी। प्रशासन पुलिस का मानना है कि अवैध खनन कारियों के विरुद्ध कार्यवाही किसी भी कीमत पर रोकी नहीं जा सकती। मध्यप्रदेश और राजस्थान, उत्तरप्रदेश की सीमा बनकर बह रही चम्बल नदी से किसी भी प्रकार का खनन करना प्रतिबंधित किया गया है। अवैध खनन कारियों द्वारा रेत का एकत्रीकरण बीहड़ की समतलीय जगह पर किया गया। देवगढ़ थाना क्षेत्र के गुढ़ा चम्बल गांव के पास बीहड़ों में हजारों ट्रॉली रेत एकत्रित होने की सही सूचना मिलने पर मंगलवार सुबह जौरा एसडीएम सुरेश बराहदिया, जौरा एसडीओपी मानवेन्द्र कुशवाह, चम्बल घडिय़ाल अभ्यारण्य अधीक्षक सुश्री श्रद्धा पन्द्रे तथा तहसीलदार जौरा सुश्री कल्पना शर्मा के नेतृत्व में दो सैकड़ा से अधिक पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इसमें देवगढ़ चिन्नोनी थाना प्रभारियों सहित क्षेत्र के राजस्व, पुलिस व वन अधिकारी कर्मचारी भी शामिल थे। सुबह से ही जेसीबी मशीनों से रेत को मिट्टी में मिलाये जाने की कार्यवाही आरंभ हो गई। यह दोपहर तक निरंतर जारी रही। वहीं दल द्वारा और भी क्षेत्रों में डम्प रेत का पता लगाने की कोशिश की गई। यह कार्यवाही क्षेत्र के खनन माफियाओं पर शासन का बड़ा हमला माना जा रहा है। चम्बल नदी से रेत का खनन कर ऊपर तक लाने में माफियाओं ने लाखों रूपये खर्च किये। मुरैना जिला के प्रशासन-पुलिस व वन विभाग रेत माफियाओं के विरुद्ध यह कार्यवाही निरंतर करता रहेगा। हिन्दुस्थान समाचार/राजकुमार शर्मा/राजू

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in