devotees-are-pleased-with-the-easy-viewing-system-on-mahashivaratri-in-mahakal-temple
devotees-are-pleased-with-the-easy-viewing-system-on-mahashivaratri-in-mahakal-temple

महाकाल मंदिर में महाशिवरात्रि पर सुगम दर्शन व्यवस्था से प्रसन्न दिखे श्रद्धालु

प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों के व्यवहार की प्रशंसा की उज्जैन, 11 मार्च (हि.स.)। उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व पर प्री बुकिंग से आने वाले दर्शनार्थियों के लिए जिला प्रशासन एवं महाकालेश्वर मंदिर समिति द्वारा व्यापक व्यवस्था की गई है। दर्शनार्थियों को त्रिवेणी संग्रहालय के निकट फैसिलिटी सेंटर से प्रवेश दिया जा रहा है। प्रवेश के बाद दर्शनार्थियों को पानी की बोतल एवं मास्क से उनका स्वागत करते हुए उन्हें दर्शन के लिए आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस एवं प्रशासन की तमाम व्यवस्थाओं से दर्शनार्थी अत्यंत प्रसन्न नजर आ रहे हैं। दर्शनार्थियों को 30 से 45 मिनट के बीच में दर्शन हो रहे हैं। उज्जैन निवासी सुमन देवी ने बताया कि उन्हें दर्शन के लिए किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई। आसानी से दर्शन हुए। यहां के डयूटीरत कर्मचारियों-अधिकारियों का व्यवहार भी बहुत अच्छा है। सभी लोग सहायता और उचित मार्गदर्शन कर रहे हैं। इसी तरह लखनऊ से आए पंकज कुमार कहते हैं कि वे इतनी दूर से चलकर आए हैं भगवान के दर्शन करने के लिए। यहां आकर उन्हें बिना किसी कष्ट के 35 मिनट में दर्शन हो गए। उनके साथ 10 लोगों का दल है जो दर्शन करके लौट कर जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रशासन के लोगों का व्यवहार अत्यंत विनम्रता पूर्वक है और ऐसा अनुभव उन्होंने पहली बार किया है। मुजफ्फरपुर बिहार से भी आए दर्शनार्थियों के दल में शामिल विमल कुमार एवं लोगों ने भी यहां की व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा एवं पुलिस प्रशासन की ओर से कलेक्टर आशीष सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र कुमार शुक्ल द्वारा सभी कर्मचारियों को हिदायत दी गई है कि वे दर्शनार्थियों से अत्यंत ही मधु भाषा में बात करें और उनका मार्गदर्शन करते हुए उनके दर्शन को अविस्मरणीय बनाएं। इसी का पालन करते हुए सभी अधिकारी कर्मचारी श्रद्धा भाव से दर्शनार्थियों की सेवा में जुटे हुए हैं। कंट्रोल रूम से सतत रखी जा रही है नजर महाशिवरात्रि पर्व पर दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम से संपूर्ण व्यवस्थाओं की निगरानी अधिकारियों द्वारा निरन्तर रखी जा रही है। समय-समय पर कलेक्टर आशीष सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र कुमार शुक्ल कंट्रोल रूम में आकर अलग-अलग स्थानों से लिए गए वीडियो फुटेज देखकर व्यवस्थाओं को अंजाम दे रहे हैं। कंट्रोल रूम से चार धाम मंदिर, हरसिद्धि चौराहा, बड़ा गणेश, महाकाल थाना, भारत माता मंदिर, माधव सेवा न्यास, टनल वन और टू, शंख द्वार, निर्गम गेट, महाकाल धर्मशाला के पीछे तथा वीआईपी गेट की लगातार निगरानी रखी जा रही है। कहीं भी अव्यवस्था होने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित कर उनसे व्यवस्था सुधार करवाया जा रहा है। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/राजू

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in