day39s-mercury-dropped-by-two-points-night-temperatures-rose
day39s-mercury-dropped-by-two-points-night-temperatures-rose

दो अंक लुढ़का दिन का पारा, रात के तापमान में आया उछाल

-ग्वालियर-चम्बल अंचल में गुरुवार को फिर आ सकते हैं बादल, बारिश की संभावना नहीं ग्वालियर, 07 अप्रैल (हि.स.)। मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। इसी क्रम में बुधवार को जहां दिन का पारा दो अंक नीचे उतर गया तो रात का पारा डेढ़ अंक ऊपर चढ़ गया। मौसम के जानकारों की मानें तो गुरुवार को भी तापमान में आंशिक गिरावट की संभावना है, जबकि शुक्रवार या शनिवार को आसमान में बादल छा सकते हैं, किन्तु बारिश की उम्मीद नहीं है। इसके साथ ही तापमान में भी ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। बुधवार को मौसम शुष्क रहा और तेज धूप निकली। हवाएं भी पूर्वत: उत्तर-पश्चिमी चलीं। राजस्थान की ओर आईं इन हवाओं की गति छह से आठ किलोमीटर प्रति घंटा थी, लेकिन ऊपर वायु मंडल में उत्तरी हवाएं चलने से तापमान में दो अंक की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के पूर्व निदेशक डी.पी. दुबे के अनुसार जम्मू-कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत से आगे बढ़ गया है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में अफगानिस्तान और उससे लगे पाकिस्तान के ऊपर बना हुआ है। उसके प्रभाव से पंजाब और उससे लगे क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवात बन गया है। हालांकि इन दोनों सिस्टमों का ग्वालियर-चम्बल अंचल में सीधा कोई असर नहीं पड़ेगा, लेकिन इन सिस्टमों के प्रभाव से मध्यप्रदेश के वायु मंडल में उत्तरी और दक्षिणी हवाओं का टकराव होगा, जिससे हवाओं का एक कन्वर्जन जोन बनने से शुक्रवार या शनिवार से अंचल में बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। साथ ही तापमान में भी ज्यादा गिरावट की उम्मीद नहीं है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में बुधवार को अधिकतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 2.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 4.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 33 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से एक प्रतिशत कम है, जबकि शाम को हवा में नमी 19 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से एक प्रतिशत अधिक है। हिन्दुस्थान समाचार/शरद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in