cow39s-special-place-in-indian-culture-health-minister
cow39s-special-place-in-indian-culture-health-minister

भारतीय संस्कृति में गाय का विशेष स्थान : स्वास्थ्य मंत्री

रायसेन, 21 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने रविवार को जिले के हलाली डेम के पास स्थित बृजमोहन रामकली गौशाला में नवीन गौ सदन का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय का विशेष स्थान है। प्रदेश सरकार द्वारा सभी जिलों में गौशालाओं का निर्माण कराया जा रहा है। अनेक पंचायतों में गौशालाएं प्रारंभ हो गई है। इन गौशालाओं में निराश्रित गौवंशो को रखने के साथ ही उनका बेहतर तरह से भरण-पोषण किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि जिले की अनेक ग्राम पंचायतों में गौशालाओं का निर्माण कराने के साथ ही चारागाह भी बनाए जा रहे हैं। अनेक गौशालाओं का संचालन पंचायतों के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं और स्व-सहायता समूहों द्वारा किया जा रहा है। बेहतर प्रबंधन और संचालन के लिए गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इसके लिए गौशालाओं में गौकाष्ठ, गोबर गैस, जैविक खाद सहित कीटनाशक निर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे लोगों को रोजगार भी मिल रहा है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि जिले में वेटनरी डिप्लोमा कॉलेज स्थापित करने के लिए वे प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए जमीन भी आवंटित हो गई है। इस वेटनरी डिप्लोमा कॉलेज के बन जाने से युवाओं को इसका लाभ मिलेगा और रोजगार के नवीन अवसर भी प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाने के लिए निरंतर काम किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के नवीन अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को पशुपालन के लिए प्रेरित करने के साथ ही केसीसी के माध्यम से ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। गौशालाओं के माध्यम से भी अधिक से अधिक रोजगार सृजन की दिशा में काम किया जा रहा है। गाय के गोबर से गौकाष्ठ सहित अनेक जैविक उत्पाद बनाए जाते हैं और इन्हें बढ़ावा भी दिया जा रहा है। कार्यक्रम में कलेक्टर उमाशंकर भार्गव द्वारा जिले में संचालित और निर्माणाधीन गौशालाओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में गौ संवर्धन बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष स्वामी अखेलश्वरानंद गिरी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद रघुनंदन शर्मा, जिला पंचायत सीईओ पीसी शर्मा, एसडीएम एलके खरे, पशुपालन विभाग के उप संचालक डॉ. प्रमोद अग्रवाल, गौशाला अध्यक्ष प्रहलाद दास मंगल, भाजपा के मण्डल अध्यक्ष संतोष शर्मा, मनोज अग्रवाल अन्य अधिकारी उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार/मुकेश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in