congress-will-celebrate-democracy-honor-day-tricolor-yatra-will-be-held-at-district-level
congress-will-celebrate-democracy-honor-day-tricolor-yatra-will-be-held-at-district-level

कांग्रेस मनाएगी लोकतंत्र सम्मान दिवस, जिला स्तर पर निकालेगी तिरंगा यात्रा

भोपाल, 19 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी 20 मार्च शनिवार को प्रदेशव्यापी लोकतंत्र सम्मान दिवस मनाएगी। इस कार्यक्रम में जिला स्तर पर कार्यकर्ता दो से चार-चार किलोमीटर तक की तिरंगा यात्रा निकालेंगे और जिलों में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके संविधान की प्रस्तावना का वाचन करेंगे। तिरंगा यात्रा कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का वीडियो संदेश भी प्रदर्शित किया जाएगा। कांगे्रस की इस तिरंगा यात्रा में प्रयुक्त होने वाले आकर्षक नारे, बैनर, ग्राफिक्स पदयात्रा की शोभा होंगे। प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर ने इस संबंध में शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा कि 15 वर्षों के बाद भारतीय जनता पार्टी के कुशासन से त्रस्त होकर 2018 में जनता ने अपने जनमत से कांग्रेस की सरकार को चुना था। कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार का गठन हुआ और जनादेश के अनुरूप अपने वचन पत्र को पूरा करने की दिशा में उन्होंने काम किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में कमलनाथ ने जनता से किए गए वादों को कांग्रेस सरकार का प्राथमिक संविधान मानते हुए किसान कर्ज माफी, गौशाला निर्माण, सस्ती बिजली, शुद्ध के लिए युद्ध, माफिया से मुक्ति, पिछड़ा वर्ग के आरक्षण में बढ़ोतरी, सामान्य वर्ग के निर्धनों को आरक्षण, वृद्धि एवं दिव्यांग पेंशन में बढ़ोतरी, कन्या विवाह योजना में 51000 रुपये की राशि, राम वन गमन पथ का निर्माण, ऊँ सर्किट का निर्माण, महाकाल एवं औंकार मंदिर परिषद का निर्माण, सीता माता के मंदिर का निर्माण, महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी, मेट्रो रेल परियोजना में तेजी, रोजगार में युवाओं को 70 प्रतिशत आरक्षण, महिला अपराधों में कमी, मैग्नीफिसेंट मध्य प्रदेश जैसे अनेक कार्यों की शुरुआत कर पहली बार 15 वर्ष के कुशासन से मुक्त कर विकास की सही राई दिखायी। संगठन प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस सरकार को जब सौदेबाजी से गिराया गया तो उनके पास दो ही विकल्प थे। एक कि वे भी सौदेबाजी करें दूसरा या फिर लोकतंत्र का सम्मान करते हुए पद को त्याग दें। आज वही सौदेबाजी को त्याग लोकतंत्र के सम्मान का दिन है। कमलनाथ ने लोकतंत्र के सम्मान को बचाने के लिए मुख्यमंत्री का पद त्याग दिया और सौदेबाजी की सरकार बनाने से इंकार कर दिया। जिसे कांग्रेस पूरे प्रदेश में लोकतंत्र सम्मान दिवस के रूप में मना रही है। क्योंकि इस देश के निर्माण में कांग्रेस के लाखों कार्यकर्ताओं में गांधी जी, अंबेडकरजी और नेहरू जी जैसे महान नेताओं का मांस मज्जा लगा हुआ है। आज उसी को बचाए रखने की जिम्मेदारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर है। उन्होंने कहा कि 20 मार्च को लोकतंत्र सम्मादन दिवस मनाते हेतु कांग्रेस पार्टी ने सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को विभिन्न तरह के नारे और भारत के संविधान की उद्देशिका की प्रति भेजी है, जिनका वाचन कर कांग्रेस की संविधान के प्रति निष्ठा को दोहराया जायेगा। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in