congress-leaders-are-struggling-for-political-survival-of-their-sons-vishnudutt-sharma
congress-leaders-are-struggling-for-political-survival-of-their-sons-vishnudutt-sharma

अपने बेटों के राजनीतिक अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रहे हैं कांग्रेस के नेता: विष्णुदत्त शर्मा

पत्रकारवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा-जीतने वाले प्रत्याशियों को ही चुनाव में उतारेगी पार्टी इंदौर, 06 मार्च (हि.स.)। छिंदवाड़ा प्रवास के बाद कमलनाथ ने मेरे बारे में टिप्पणी की है कि वीडी शर्मा की जितनी समझ है, उतना ही तो बोलेगा। मैं कमलनाथ जी का सम्मान करता हॅू। वह बड़े उद्योगपति हैं, वह जानते हैं किस प्रकार भ्रष्टाचार किया जाता है और भ्रष्टाचार को किस तरह से मैनेज किया जाता है। इसकी समझ मुझे नहीं है और न ही मैं इस समझ को लाना चाहता हॅू। लेकिन मैं ये जरूर कहना चाहूंगा कि कमलनाथ जी मेरा संगठन कैसे खड़ा हो और संगठन के आधार पर भाजपा देश में कैसे आगे बढ़े, इसकी समझ मुझे आपसे ज्यादा है। कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह स्वयं ये कहते हैं कि जब मैं चुनाव प्रचार के लिए निकलता हॅू तो कांग्रेस के वोट कट जाते हैं। प्रदेश की राजनीति में दिग्विजयसिंह जैसे नेता और कांग्रेस अप्रासंगिक हो गये हैं। वो आंदोलन की बात करते हैं, लेकिन लोग उनसे जुड़ना ही नहीं चाहते। वास्तव में कांग्रेस के ये नेता अब अपने बच्चों के अस्तित्व के लिए लड़ रहे हैं। जयवर्धन आयें या नकुलनाथ आयें, मध्यप्रदेश कांग्रेस अब इसी काम में लगी हुई है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को इंदौर में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कही। जीतने वाले प्रत्याशी लड़ेंगे चुनाव शर्मा ने कहा कि पार्टी सामूहिक नेतृत्व पर काम करती है। हमारे संगठन के जो जीतने वाले प्रत्याशी होंगे वह चुनाव लड़ेंगे और अच्छे मतों से जीतेंगे। शर्मा ने कहा कि हम एक सिस्टम पर काम करते हैं चाहे कोई चुनाव हो, या प्रत्याशी चयन का मामला हो, भारतीय जनता पार्टी जो समय के अनुकूल और आवश्यकताओं के अनुरूप हो, वही काम करती है। उन्होंने कहा कि हमारे यहां कानून नहीं होते। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का संगठन देश का आईडियल आर्गनाइजेशन है। हमने यह तय किया कि भाजपा का मंडल अध्यक्ष 40 वर्ष से कम आयु का हो। यह बात सभी को पसंद आई और हमने इसे लागू कर लिया। कानून नहीं बनाया। सोशल मीडिया पर देश विरोधी ताकतों को जवाब दें युवा शर्मा ने कहा कि आज कई ताकतें देश के खिलाफ काम कर रही हैं। युद्ध के हथियार व क्षेत्र बदल गये हैं। प्रधानमंत्री मोदी जी के आने के बाद देश की सीमाएं तो सुरक्षित हो चुकी हैं और प्रधानमंत्री जी ने हमारी सेनाओं को अधिकार संपन्न बनाया है। इसलिए लोग सोशल मीडिया के माध्यम से देश और सरकार की छवि खराब करने का काम कर रहे हैं। आज ऐसे लोग सोशल मीडिया पर भोलेभाले लोगों को भ्रमित कर देश को बदनाम करने का काम कर रहे हैं। हमारे युवा इस चुनौती का जवाब बखूबी दे सकते हैं, लेकिन इसके लिए उनका माइंडसेट कैसा हो? इन देश विरोधी ताकतों को हमारे नौजवान कैसे जवाब दें, इसके लिए भी पार्टी प्रयास कर रही है। यह सभी तैयारियां हम प्रवास के दौरान कर रहे हैं। प्रवास संगठन तंत्र की मजबूती के लिए प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मेरा यह प्रवास मध्यप्रदेश में भाजपा के संगठन तंत्र की मजबूती के लिए है। इंदौर में प्रवास के दौरान पार्टी के मंडल अध्यक्षों की बैठक ली है, जो हमारे कार्यों के केंद्र बिंदु हैं। हमारे मंडल अध्यक्ष बहुत अच्छे से काम कर रहे हैं, लेकिन उन्हें आज के समय के अनुकूल पारंगत किस तरह बनाया जाए, इस पर भी चर्चा हुई है। शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केडरबेस्ड पार्टी है और हम एक विचार के लिए काम करते हैं। जब भी हम कोई उपलब्धि हासिल होती है, तो हम कहते हैं कि यह हमारे कार्यकर्ताओं के बलबूते पर हुआ है। इन कार्यकर्ताओं में हमारे बूथ अध्यक्ष, बूथ प्रभारी एवं बूथ समिति के सदस्य आते हैं और इनके कारण ही हम दुनिया के एक नंबर राजनीतिक संगठन बने हैं। ये कार्यकर्ता 24 घंटे बूथ पर काम करते हैं। आज इंदौर में 2240 बूथों के अध्यक्ष एवं प्रभारियों का सम्मेलन हुआ। मुझे खुशी है कि पार्टी का इतना बड़ा नेटवर्क है जो बूथ पर कार्य करने के लिए हमेशा तत्पर रहते है। प्रवास के दौरान हम बूथ अध्यक्ष के घर जाकर मिलते हैं, भोजन करते हैं। यह बूथ अध्यक्षों के सशक्तीकरण का एक प्रयास है। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in