cold-conditions-prevailed-in-mp-possibility-of-light-rain-with-thunderstorm-and-thunder-from-february-4
cold-conditions-prevailed-in-mp-possibility-of-light-rain-with-thunderstorm-and-thunder-from-february-4

मप्र में ठंड से हाल बेहाल, 4 फरवरी से बादल छाने और गर्जना के साथ हल्की वर्षा की संभावना

भोपाल, 30 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मौसम इन दिनों पूरी तरह से बदला हुआ है। पिछले चार दिनों से हवा का रुख उत्तरी और उत्तर-पूर्वी होने से राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस बीच शुक्रवार को मध्य प्रदेश के दक्षिण पूर्वी जिलों में बेमौसम बरसात देखने को मिलीं। छिंदवाड़ा, सिवनी, मलंजखंड तथा उसके आसपास के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग की माने तो फिलहाल मध्य प्रदेश के अधिकांश भागों में दिन और रात के तापमान में हल्की वृद्धि जारी रहेगी जिससे धूप से दिन सुहावना बना रहेगा। जबकि रात में सर्दी कम से कम इस सप्ताह जारी रहेगी। एक फरवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में दाखिल होने न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही मराठवाड़ा पर एक चक्रवात बन गया था। उसके प्रभाव से पूर्वी मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज कुछ बिगड़ गया था। हवा का रुख दक्षिणी होने से वातावरण में नमी बढ़ गई थी। जिसके चलते जबलपुर और शहडोल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बरसात भी हुई। शुक्रवार को मराठवाड़ा पर बना सिस्टम भी समाप्त हो गया है। वर्तमान में लगभग 15 किलोमीटर की रफ्तार से उत्तरी और उत्तरी-पूर्वी हवाएं चल रही हैं। इससे राजधानी सहित पूरे प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया है। बारिश के लिए बना मौसम अब बदल गया है और 29 जनवरी से लेकर 4 फरवरी के बीच यानि इस एक सप्ताह की अवधि में आज मध्य प्रदेश का मौसम एक बार फिर शुष्क हो जाएगा। जबलपुर, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, सागर, सतना, पन्ना, रीवा, छतरपुर, ग्वालियर समेत सभी शहरों में 3 फरवरी तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 4 फरवरी से राज्य के मध्य भागों में मौसम में बदलाव की संभावना है। ग्वालियर से लेकर विदिशा, सागर, भोपाल, रायसेन, होशंगाबाद, छिंदवाड़ा, बेतुल, टीकमगढ़, छतरपुर, सतना, पन्ना और आसपास के इलाकों में 4 फरवरी से बादल छाने और गर्जना के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। बारिश का क्रम अगले हफ्ते के शुरुआती दिनों में भी बना रहेगा। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय/राजू-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in