cold-cold-madhya-pradesh-possibility-of-increase-in-temperature-due-to-cloud-cover-after-two-days
cold-cold-madhya-pradesh-possibility-of-increase-in-temperature-due-to-cloud-cover-after-two-days

ठंड से ठिठुरा मध्य प्रदेश, दो दिन बाद बादल छाने से तापमान में बढ़ोत्तरी की संभावना

भोपाल, 29 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश में ठंड के तेवर तीखे बने हुए है। लगातार सर्द हवाएं चलने से राजधानी सहित पूरा प्रदेश ठिठुर रहा है। ठंड से बचने के लिए लोग आग का सहारा ले रहे हैं। राजधानी भोपाल में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। हवा चलने से ठिठुरन महसूस हुई। हालांकि छत्तीसगढ़ और उससे लगे पूर्वी मप्र में हवाओं का रुख दक्षिणी होने से गुरुवार से बादल छाने लगे हैं। इससे तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने लगी है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी दो दिन तक ठंड के तेवर इसी तरह तीखे बने रहेंगे। इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि वर्तमान में आसमान साफ है और हवा का रुख उत्तरी और उत्तर पूर्वी बना हुआ है। इस वजह से राजधानी सहित पूरे प्रदेश में ठंड के तीखे तेवर बरकरार हैं, लेकिन वर्तमान में आंध्रा कोस्ट पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। साथ ही महाराष्ट्र पर एक चक्रवात बना हुआ है। इस वजह से छत्तीसगढ़ और उससे लगे पूर्वी मप्र में हवा का रुख दक्षिणी होने लगा है। नमी आने के कारण उस क्षेत्र में बादल छाने लगे हैं। साथ ही बारिश के आसार बन रहे हैं। हालांकि इस सिस्टम के कारण प्रदेश के शेष इलाकों में विशेष असर पडऩे की संभावना नहीं है। इसकी वजह शेष इलाकों में हवा का रुख उत्तरी और उत्तर-पूर्वी बना हुआ है। इससे अभी दो दिन तक ठंड के तीखे तेवर बने रहेंगे। इसके बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत पहुंचने पर न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू होने की संभावना है। इसी क्रम में गुरुवार को दमोह में तीव्र शीतल दिन और इंदौर, खजराहो, सतना एवं राजगढ़ में कोल्ड डे रहा। गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम रहा, न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in