cloudy-in-the-sky-chances-of-drizzle
cloudy-in-the-sky-chances-of-drizzle

आसमान में घने हुए बादल, बूंदाबांदी के आसार

ग्वालियर, 13 फरवरी (हि.स.)। ग्वालियर के गगन में पिछले पांच दिनों से बादलों की आवा-जाही बनी हुई है। शनिवार की शाम को बादल काफी घने नजर आए। मौसम विभाग का कहना है कि अभी कोई मजबूत सिस्टम नहीं है, लेकिन बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाएं आ रही हैं। इसी कारण बादल छाए हुए हैं, लेकिन बारिश की संभावना कम है। हालांकि ग्वालियर-चम्बल में कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना जरूर बनी हुई है। ग्वालियर-चम्बल अंचल में गर्मी की ओर बढ़ते मौसम के बीच विगत नौ फरवरी से आंशिक बादलों की आवा-जाही बनी हुई है। शनिवार को भी सुबह से आंशिक बादल छाए रहे। बावजूद इसके दिन में काफी तेज धूप निकली। हालांकि बीच-बीच में बादल घने होने पर धूप कमजोर भी नजर आई। शाम होते-होते बादल काफी घने हो गए। मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के सेवानिवृत्त मुख्य मौसम विज्ञानी डी.पी. दुबे ने बताया कि इस समय उड़ीसा के ऊपर प्रति चक्रवात और पंजाब के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी से आ रहीं दक्षिणी हवाएं और पंजाब की ओर से आ रहीं उत्तरी हवाएं ग्वालियर व आगरा के मध्य में आपस में टकरा रही हैं। इसी वजह से ग्वालियर-चम्बल सहित उत्तरी मध्यप्रदेश में बादल छाए हुए हैं, लेकिन बारिश की संभावना कम है। हालांकि अंचल में कहीं-कहीं बूंदाबांदी अवश्य हो सकती है। अगले 24 घंटे में मौसम शुष्क होने की संभावना है। श्री दुबे ने बताया कि अब तापमान में गिरावट की उम्मीद नहीं है। विशेषकर रात के तापमान में वृद्धि होगी और धीरे-धीरे मौसम गर्मी की ओर बढ़ेगा। दिन का तापमान बढ़ा, रात का स्थिर: स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में शनिवार को अधिकतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 2.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर बना रहा, जो सामान्य है। आज सुबह हवा में नमी 93 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से 28 प्रतिशत अधिक है, जबकि शाम को हवा में नमी 45 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी सामान्य से नौ प्रतिशत अधिक है। हिन्दुस्थान समाचार/शरद-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in