cloudy-again-after-two-days-of-cold-possibility-of-cold-wave
cloudy-again-after-two-days-of-cold-possibility-of-cold-wave

दो दिनों की कड़ाके की ठंड के बाद फिर बादल के आसार, शीतलहर की संभावना

भोपाल, 27 जनवरी (हि.स.)। उत्तर भारत में पड़ रही कड़ाके की ठंड का मप्र में भी असर देखने को मिल रहा है। राजधानी भोपाल समेत पूरा मप्र ठंड के कारण ठिठुर रहा है। मंगलवार के बाद बुधवार सुबह भी राजधानी भोपाल में ठिठुराने वाली सर्दी रही। सुबह घना कोहरा छाने से विजिबिलिटी कम हो गई। मौसम विभाग की मानें तो तापमान में गिरावट का सिलसिला गुरुवार तक जारी रहने की संभावना है। वहीं कई जिलों में शीतलहर की संभावना है। इसके बाद हल्के बादल छाने के आसार हैं। इससे न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अजय शुक्ला ने बताया कि हाल ही में उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्र में जबर्दस्त बर्फबारी हुई है। इस वजह से सर्द हवाओं ने राजधानी भोपाल सहित पूरे प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है। दिन और रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया है। तापमान में लगातार गिरावट गुरुवार तक जारी रह सकती है। इसके बाद बादल छाने की संभावना है। इसके अलावा जम्मू कश्मीर से पश्चिमी विक्षोभ गुजर चुका है। साथ ही एक द्रोणिका लाइन (ट्रफ) छत्तीसगढ़ से लेकर कोंकण-गोवा तक बनी हुई है, हालांकि इस ट्रफ से फिलहाल मध्य प्रदेश के मौसम पर विशेष असर होने की संभावना नहीं है। अगले 48 घंटे में शीत लहर के आसार जताए हैं। वहीं, 29 से 30 जनवरी के बीच पूर्वी मप्र में हल्की बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ भी बुधवार 27 जनवरी को समाप्त हो जाएगा। इस वजह से अभी दो-तीन दिन तक कड़ाके की ठंड बनी रहने की संभावना है।दो-तीन दिन में प्रदेश में कहीं-कहीं तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से भी नीचे गिर सकता है। इन जिलों में शीतलहर की संभावना मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर और चंबल संभागों के जिलों, शहडोल, उमरिया, जबलपुर, नरसिंहपुर, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, धार, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर और आगर जिलों शीतलहर चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा ग्वालियर और चंबल संभागों के जिलों। भोपाल, रायसेन,सीहोर, राजगढ़, छतरपुर, टीकमगढ़ में कोल्ड डे हो सकता है। ग्वालियर और चंबल संभागों के जिलों, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पन्ना, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, भोपाल और राजगढ़ में कोहरा छा सकता है। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in