chief-minister-kisan-kalyan-yojana-nearly-three-crore-rupees-deposited-in-the-account-of-15-thousand-farmers-of-indore
chief-minister-kisan-kalyan-yojana-nearly-three-crore-rupees-deposited-in-the-account-of-15-thousand-farmers-of-indore

मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजनाः इंदौर के 15 हजार किसानों के खाते में जमा हुए लगभग तीन करोड़ रुपये

भोपाल, 27 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज दमोह में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के 20 लाख किसानों के खाते में 400 करोड़ रुपये के हितलाभ का वितरण किया है। इस कार्यक्रम में इंदौर जिले के 14 हजार 957 किसानों के खाते में लगभग 3 करोड़ रूपये की राशि अंतरित की गयी। मंत्री सिलावट शनिवार को इंदौर में मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना के जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की शुरूआत में उन्होंने रविदास जयंती पर संत रविदासजी के चित्र पर माल्यार्पण किया। जल संसाधन मंत्री सिलावट ने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता है। यह विकास की सबसे बड़ी धुरी है। किसानों का सम्मान हमारा फर्ज है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों के सम्मान के लिये प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सम्मान निधि देने की योजना शुरू की है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसका विस्तार करते हुये 4 हजार रुपये और राज्य शासन की तरफ से देने का निर्णय लिया है। अब किसानों को प्रतिवर्ष दस हजार रुपये की सम्मान निधि मिलेगी। किसानों को राज्य शासन द्वारा शून्य प्रतिशत पर कृषि ऋण दिया जा रहा है। किसानों के कल्याण के लिये हम कृत संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि जरुरतमंदों की सहायता एवं कल्याण के लिये सम्बल योजना पुन: शुरू की गयी। इसके अच्छे एवं सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं। किसानों का समग्र कल्याण तथा क्षेत्र का विकास हमारा संकल्प है। युवाओं को रोजगार देने के लिये भी कारगर प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं का एक-एक दाना खरीदा जायेगा। शासन ने 1975 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीदने का निर्णय लिया है। इंदौर जिले में अभी तक 50 हजार किसानों का पंजीयन हो चुका है। किसानों को समय पर उनकी माँग के अनुसार खाद, बीज सहित अन्य कृषि आदान गुणवत्ता वाले प्रदाय किये जायेंगे। कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को खेती की आधुनिक तकनीक की जानकारी दी गयी। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in