chief-minister-did-food-for-rajendra-during-his-stay-in-katni-family39s-well-being
chief-minister-did-food-for-rajendra-during-his-stay-in-katni-family39s-well-being

कटनी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने किया राजेन्द्र के घर भोजन, परिवार का जाना हाल

भोपाल, 06 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कटनी जिले के प्रवास के दौरान शनिवार को नगर निगम क्षेत्र अन्तर्गत महाराणा प्रताप वार्ड झिंझरी निवासी राजेन्द्र श्रीवास के घर पहुंचकर दोपहर का भोजन किया। परिवार के सदस्यों द्वारा मुख्यमंत्री चौहान का पुष्प-गुच्छ एवं तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री चौहान राजेन्द्र से उनके परिवार का हाल जाना। राजेन्द्र ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना से उनका पक्के मकान का सपना पूरा हुआ है। राजेन्द्र ने बताया कि वह पेशे से नाई है और अपनी पैतृक दुकान चलाते हैं, जिससे उन्हें तकरीबन 4-5 हजार रुपये की मासिक आय हो जाती है। उनके परिवार में उनकी पत्नी राजकुमारी, तीन पुत्रियां एवं पुत्र आशीष है। उनकी दो पुत्रियों का विवाह हो चुका है। पुत्र आशीष एमपी ऑनलाईन का कार्य करते हैं। अविवाहित पुत्री ज्योति सामर्थ्य स्व-सहायता समूह का संचालन करती है। यह समूह घर पर ही स्त्री स्वाभिमान सेनेटरी पैड का निर्माण करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुत्री ज्योति के विवाह की चिन्ता कतई न करें। प्रदेश सरकार हर संभव मदद करेगी। राजेन्द्र ने बताया कि प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेण्डर योजना के तहत उनका पंजीयन है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को उक्त योजना का लाभ राजेन्द्र को उनकी पैतृक दुकान बेहतर बनाने के लिये सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। राजेन्द्र की धर्मपत्नी राजकुमारी ने बताया कि प्रदेश के मुखिया को अपने परिवार के बीच पाकर उन्हें काफी प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने आज अपनी पुत्री के साथ मिलकर लौकी, भिण्डी, मेथी, दाल-चावल, रोटी, पूरी, दलिया बनाया। पुत्री ज्योति द्वारा बड़े ही आत्मीय एवं प्रेम भाव से भोजन परोसा गया। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राजेन्द्र के घर पर बने स्वादिष्ट भोजन को गृहण कर उनकी आत्मा तृप्त हो गई। भोजन पश्चात मुख्यमंत्री चौहान ने परिवार के साथ समूह चित्र भी खिचवाया। मुख्यमंत्री चौहान ने राजेन्द्र के परिवार को फल भेंट किये। इस अवसर पर खजुराहो वी.डी. शर्मा, विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक, विधायक संदीप जायसवाल, विधायक प्रणय प्रभात पाण्डे सहित अन्य जन-प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार / उमेद-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in