bjp39s-goal-is-to-link-the-last-person-to-the-mainstream-hitanand-ji
bjp39s-goal-is-to-link-the-last-person-to-the-mainstream-hitanand-ji

अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ना ही भाजपा का लक्ष्यः हितानंद जी

भोपाल, 15 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की प्रेरणा का केन्द्र बिन्दु भारत है। समाज के हर व्यक्ति को आगे बढ़ाना और अंतिम व्यक्ति को मुख्य धारा से जोड़ना ही भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य रहा है। यह बात भाजपा प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद जी ने सोमवार को भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारियों की बैठक में कही। बैठक को किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शनसिंह चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत ने भी संबोधित किया। किसान मोर्चा पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए हितानंद जी ने कहा कि भाजपा किसान मोर्चा संगठन का महत्वपूर्ण मोर्चा है। केन्द्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में गांव और किसान हैं। इस दृष्टि से मोर्चा अपने संगठन का विस्तार बूथ स्तर तक करे। मोर्चा कृषि व उससे जुडे क्षेत्रों में नवाचार करने वाले किसानों और लोगों को पार्टी से जोड़े। केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित की जा रही योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाए। उन्होंने संगठन की दृष्टि से अधिक से अधिक प्रवास करने, कार्यकर्ताओं की चिंता करने तथा संगठन तंत्र की मजबूती के लिए काम करने की सलाह दी। बैठक में पार्टी के प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत ने किसान मोर्चा को और अधिक संगठनात्मक ताकत देने की सलाह दी। वहीं, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ता इस तरह से कार्य करें कि किसान मोर्चा की ताकत से मूल संगठन को अधिक से अधिक लाभ मिले। बैठक का संचालन मोर्चा के महामंत्री विनोद सिंह जादौन ने किया एवं आभार मोर्चा के कोषाध्यक्ष देवेन्द्रनाथ चतुर्वेदी ने माना। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in