bjp-state-president-vd-sharma-completes-one-year-term-shivraj-wishes-all-the-best
bjp-state-president-vd-sharma-completes-one-year-term-shivraj-wishes-all-the-best

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का एक साल का कार्यकाल पूर्ण, शिवराज ने दी शुभकामनाएं

भोपाल, 15 फरवरी (हि.स.)। मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त (वीडी) शर्मा का एक वर्ष का कार्यकाल आज पूरा हो गया है। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने समेत अन्य नेताओं ने उनके निवास पर पहुंचकर शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार सुबह भोपाल स्थित वीडी शर्मा के निवास पर पहुंचे और उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके एक वर्ष के कार्यकाल को सफलतम बताते हुए उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपके कुशल नेतृत्व में युवा कार्यकर्ता नव उत्साह व जोश के साथ ऐसे ही कार्य करते हुए संगठन नई ऊंचाइयों पर पहुंचायें, शुभकामनाएं! इस अवसर पर प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर और अन्य नेता मौजूद रहे। वीडी शर्मा ने शुभकामनाएं स्वीकारते हुए मुख्यमंत्री चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके बाद प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी वीडी शर्मा के निवास पर पहुंचे और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके निवास पर पहुंचकर उन्हें सफलतम एक वर्ष का प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का कार्यकाल पूर्ण करने पर शुभकामनाएँ दीं। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने ट्वीट करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि उल्लेखनीय उपलब्धियों से भरा एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर प्रदेश भाजपा के युवा, तेजस्वी और वैचारिक स्पष्टता के धनी अध्यक्ष वीडी शर्मा को बधाई। आने वाले वर्षों में उपलब्धियों की गति तथा प्रमाण और बढ़ेगा, इसके लिए अग्रिम शुभकामनाएं। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में पिछले साल कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार थी, उस समय भाजपा नेतृत्व ने वीडी शर्मा को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया था। इसके बाद पिछले साल मार्च में राज्य में सत्ता परिवर्तन हुआ। कमलनाथ की सरकार गिर गई और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतत्व में पुन: भाजपा की सरकार बन गई। इसके बाद 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए, जिसमें भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सरकार को स्थायित्व प्रदान किया। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश / उमेद-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in