bhopal-mp-scindia-came-to-bhopal-24-days-after-the-bungalow-was-allotted
bhopal-mp-scindia-came-to-bhopal-24-days-after-the-bungalow-was-allotted

भोपाल: बंगला आवंटित होने के 24 दिन बाद भोपाल आए सांसद सिंधिया

भोपाल, 14 फरवरी (हि.स.)। राज्यसभा सांसद व बीजेपी के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया भोपाल में बंगला अलॉट होने के 24 दिन बाद रविवार सुबह अपने सरकारी निवास पर पहुंचे। उन्हें श्यामला हिल्स पर बंगला B-5 आवंटित किया गया है। यह बंगला उन्हें करीब 18 साल के इंतजार के बाद मिला है। सांसद सिंधिया नई दिल्ली से फ्लाइट से रविवार सुबह भोपाल पहुंचे। उनके बंगले पर पार्टी कार्यकर्ताओं और सर्मथकों ने भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं के साथ परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और मंत्री तुलसी सिलावट भी रहे। करीब डेढ़ एकड़ क्षेत्र में फैला यह बंगला पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती और दिग्विजयसिंह के बंगलों से भी बड़ा है। सिंधिया अब बी-6 बंगले में रहने वाली पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के पड़ोसी हो गए हैं। वहीं, दिग्विजय सिंह 3 बंगले छोड़कर B-1 में रहते हैं। गौरतलब है कि 2019 में लोकसभा चुनाव हारने के बाद केंद्र सरकार ने सिंधिया से दिल्ली का सरकारी आवास 27 जुलाई 2019 को खाली करा लिया था। गुना से सांसद रहते सिंधिया ने तीन साल पहले मध्यप्रदेश सरकार से भोपाल में सरकारी बंगला मांगा था, लेकिन उनका आवेदन करीब छह माह तक लंबित रहा। उस दौरान सिंधिया विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष थे। वे अपना बेस कैंप भोपाल को बनाना चाहते थे। सिंधिया ने कमलनाथ सरकार में भी प्रयास किया था लेकिन फिर 2019 में वह लोकसभा चुनाव हार गए और बंगला नहीं मिल पाया। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in