bad-weather-again-rain-with-strong-winds
bad-weather-again-rain-with-strong-winds

फिर बिगड़ा मौसम, तेज हवाओं के साथ हुई बारिश

ग्वालियर, 22 मार्च (हि.स.)। मार्च के महीने में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच मौसम में बदलाव का दौर भी जारी है। पिछले दिनों अंचल में हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद सोमवार को एक बार फिर मौसम बिगड़ गया। सुबह से ही छाए बादल शाम को गर्जने लगे। इसके बाद तेज हवाएं चलीं और फिर तेज बूंदाबांदी शुरू हो गई। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए अगले 24 घंटे के दौरान भी ग्वालियर-चम्बल सहित मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि के साथ कहीं-कहीं तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की संभावना भी है। सोमवार को सुबह से ही आसमान में बादल थे। दिन चढऩे के साथ बादलों का घनत्व बढ़ता चला गया। इसके साथ ही दिन भर छह से आठ किलोमीटर प्रति घंटे की गति से दक्षिण-पश्चिमी हवाएं भी चलती रहीं। शाम करीब छह बजे से बादल घनघोर गर्जना करने लगे। इसके साथ ही लगभग 10 से 12 किलो मीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने लगीं। इसके कुछ देर बाद बंूदाबांदी शुरू हो गई, जो रुक-रुककर देर रात तक जारी रही। कोरोना के कहर के बीच इस बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है क्योंकि यदि तेज बारिश या ओलावृष्टि हुई तो फसलों को नुकसान होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि अफगानिस्तान से पाकिस्तान होते हुए एक पश्चिमी विक्षोभ पंजाब के ऊपर पहुंच गया है। इधर दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश में ऊपरी हवाओं का चक्रवात बना हुआ है। दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के साथ अरब सागर से आ रही नमी ग्वालियर-चम्बल के ऊपर से होकर पंजाब तक जा रही है। इसी के प्रभाव से सोमवार को ग्वालियर-चम्बल सहित प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई है। अगले 48 घंटे के दौरान भी हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। कहीं-कहीं ओलावृष्टि और बिजली चमकने की भी संभावना है। इसके बाद 24 मार्च से मौसम साफ हो जाएगा। पारा 37 डिग्री पर टिका: समय से पहले बढ़ती गर्मी का अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि दिन भर बादल छाए रहने के बाद भी दिन का पारा 37 के अंक पर ही टिका रहा। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में सोमवार को अधिकतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस आंशिक गिरावट के साथ 37.0 डिग्री सेल्सियस पर टिका रहा, जो औसत से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है, जबकि न्यूतनम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 54 प्रतिशत दर्ज की गई, जो औसत से 12 प्रतिशत अधिक है, जबकि शाम को हवा में नमी 28 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी औसत से आठ प्रतिशत अधिक है। हिन्दुस्थान समाचार/शरद/राजू

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in