aghadi-government-lagging-behind-in-maharashtra-congress-withdraw-support-laxman-singh
aghadi-government-lagging-behind-in-maharashtra-congress-withdraw-support-laxman-singh

महाराष्ट्र में पिछड़ रही अघाड़ी सरकार, समर्थन वापस ले कांग्रेस: लक्ष्मणसिंह

भोपाल, 22 मार्च (हि.स.)। अपनी बेबाक टिप्पणियों के लिए मशहूर और अपने बड़े भाई दिग्विजयसिंह से कई मसलों पर अलग राय रखने वाले कांग्रेस नेता लक्ष्मणसिंह ने महाराष्ट्र के घटनाक्रम को लेकर भी टिप्पणी की है। दिग्विजय सिंह के भाई और कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह ने ट्वीट कर अपनी ही पार्टी को सरकार से समर्थन वापस लेने की सलाह दी है। मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह द्वारा लिखी गई चिट्ठी का असर मध्यप्रदेश की राजनीति पर भी नजर आने लगा है। इसे लेकर कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह ने महाराष्ट्र के गृह मंत्री पर निशाना साधा है। रविवार रात को किए गए अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि अगर 100 करोड़ प्रति माह मुंबई पुलिस के माध्यम से महाराष्ट्र के गृह मंत्री वसूल रहे हैं, और अगर यह सत्य है, तो देशमुख 'देश' के 'मुख' नहीं हो सकते। लगता है 'अगाड़ी' सरकार 'पिछड़ती' जा रही है, कांग्रेस को समर्थन वापस लेना चाहिए। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने आरोप लगाया था कि गृहमंत्री अनिल देशमुख ने सचिन वाजे को हर महीने 100 करोड़ रुपये इकट्ठे कर देने के लिए कहा था। इसके बाद से महाराष्ट्र में सियासी हंगामा शुरू हो गया। महाविकास अघाड़ी सरकार में देशमुख एनसीपी से मंत्री हैं। उधर देशमुख से इस्तीफा लेने का दबाव सरकार पर बढ़ने लगा है। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in