aam-aadmi-party-engaged-in-preparations-for-urban-civic-elections
aam-aadmi-party-engaged-in-preparations-for-urban-civic-elections

नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों में जुटी आम आदमी पार्टी

भोपाल, 12 फरवरी (हि.स.)। मध्यप्रदेश में आम आदमी पार्टी नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों में जुटी है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिला अध्यक्ष के चुनाव प्रभारियों के साथ बैठक हुई, जिसमें चुनाव की तैयारियों के साथ-साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह ने बताया कि पिछले एक महीने में पूरे मध्यप्रदेश में 20 हजार से अधिक नए सदस्यों ने आप पार्टी की निष्ठा पर विश्वास जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। बैठक में आगामी 15 फरवरी को महंगाई के खिलाफ एक बड़ा प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया, वहीं 16 फरवरी से आदमी पार्टी मध्यप्रदेश में प्रत्येक वार्ड में "वार्ड संवाद यात्रा" निकालेगी, जिसमें पार्टी के प्रदेश स्तर के पदाधिकारी भी हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश के हजारों अतिथि शिक्षक अपनी नियमितीकरण की आस लगाए हुए हैं, उनका नियमितीकरण नहीं हो पा रहा है। चयनित शिक्षक संघ 2018 के हजारों शिक्षक अपनी पोस्टिंग के लिए आंदोलन कर रहे हैं। सरकारी स्कूलों में ताले पड़े हुए हैं। कोरोना के नाम से बच्चों के भविष्य पर खिलवाड़ किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकार अपनी आम सभाओं को करने के लिए हजारों कार्यकर्ताओं के साथ सभाएं कर रही है। आम आदमी पार्टी पूरे प्रदेश में सरकार की विभिन्न योजनाओं की पोल खोलते हुए जनसंवाद यात्रा का आयोजन करेगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही प्रदेश में दूसरे चरण की प्रत्याशी चयन प्रक्रिया आरंभ होगी एवं प्रथम चरण के प्रत्याशियों की सूची घोषित की जाएगी। पंकज सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि अपने आप को प्रदेश के मामा कहने वाले शिवराज सिंह भी प्रदेश में हो रहे महिला अपराध को रोक पाने में असमर्थ हैं। वहीं किसान फसल का सही दाम न मिल पाने के कारण आत्महत्या कर रहे हैं। पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री मुकेश जायसवाल ने प्रत्येक कार्यकारणी सदस्य को अपने काम के अलावा एक अन्य जिम्मेदारी लेने की अपील की। बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री डॉ. मुकेश जायसवाल, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. धरणेन्द्र जैन, रमाकांत पटेल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगवत सिंह राजपूत, मुकेश उपाध्याय, मनीक्षा तोमर, प्रदेश संगठन सचिव संदीप साहू, नरेश दांगी, आशीष सिंगरहा, बी पी नेमा, एस पी सिंह, हाशिम अली, मुन्ना सिंह, एम एस खान, रीना सक्सेना, श्याम वर्मा, सुरेंद्र सिंह, हेमंत जोशी, दलजीत सिंह, पारस जैन सहित सभी प्रदेश पदाधिकारी, सभी जिला अध्यक्ष और चुनाव प्रभारी उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in