370-could-be-removed-due-to-activists-ram-temple-is-being-built-due-to-them-shivraj-singh-chauhan
370-could-be-removed-due-to-activists-ram-temple-is-being-built-due-to-them-shivraj-singh-chauhan

कार्यकर्ताओं के कारण ही हट सकी 370, उनकी बदौलत ही बन रहा राम मंदिर : शिवराजसिंह चौहान

भाजपा नेताओं ने बूथ के कार्यकर्ताओं से किया हर बूथ पर जीत के लिए जुट जाने का आह्वान दमोह, 09 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी नेताओं की नहीं, कार्यकर्ताओं की पार्टी है। इसमें कार्यकर्ता ही नेता बनता है। हमारे पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलजी से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी तक सामान्य कार्यकर्ता ही थे। प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा, केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर और मैं स्वयं भी साधारण कार्यकर्ता रहे हैं। कार्यकर्ताओं की वजह से ही हमारी सरकारें बनीं। कश्मीर से अगर धारा 370 हट सकी है, तो यह कार्यकर्ताओं की बदौलत ही संभव हुआ। राम मंदिर का निर्माण अगर शुरू हो सका है, तो वह कार्यकर्ताओं की ही मेहनत है। हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी ने भी कहा था कि अगर में प्रधानमंत्री बना हूं, तो आप जैसे कार्यकर्ताओं के कारण। मध्यप्रदेश में अगर हम विकास कर सके हैं, संबल जैसी जनकल्याण की योजना शुरू कर सके हैं, किसानों के खाते में 89000 करोड़ रुपये डाल सके हैं, तो यह आप कार्यकर्ताओं के कारण ही संभव हो सका है। यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने शुक्रवार को दमोह में आयोजित बूथ सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। सम्मेलन को प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर, वरिष्ठ नेता जयंत मलैया ने भी संबोधित किया। भाजपा की तरह विकास नहीं कर सकती कांग्रेस मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ पर लोगों को यह समझाएं कि क्या कांग्रेस भाजपा की तरह विकास कर सकती है? क्या वो मेडिकल कॉलेज, स्कूल-कॉलेज खुलवा सकती है? क्या सड़कें, सिंचाई के साधन, पीने के पानी की व्यवस्था कर सकती है? लोगों को बताएं कि विकास सिर्फ भाजपा कर सकती है, जनकल्याण के काम सिर्फ भाजपा कर सकती है। लोगों के लिए रोटी, पानी, पढ़ाई-लिखाई और दवाई का इंतजाम सिर्फ भाजपा कर सकती है। कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं के हितग्राहियों की सूची लेकर बैठें, उनसे संपर्क करें। चौहान ने कहा कि मैं दावे से कहता हूं कि अगर हर कार्यकर्ता अपना-अपना काम करेगा, तो कांग्रेस एक बूथ भी नहीं जीत सकेगी। कांग्रेस के आरोप सही होते, तो क्या हम जीत का रिकॉर्ड बना पाते चौहान ने कहा कि दिग्विजय-कमलनाथ की जोड़ी ने वल्लभ भवन को दलालों का अड्डा बना दिया था। उन्होंने मध्यप्रदेश को लूट लिया। जब सिंधिया जी ने इसका विरोध किया, तो उन्हें सड़कों पर उतरने की चुनौती दे डाली। सिंधिया जी सड़क पर नहीं उतरे, सरकार ही सड़क पर आ गई। फिर कांग्रेस ने तरह-तरह के आरोप लगाए। बिकाऊ और टिकाऊ का मुद्दा बनाया। आप ही बताईये अगर ये सही होता, तो क्या हम 28 विधानसभाओं पर हुए उपचुनाव में जीत का रिकॉर्ड बना सकते थे? चौहान ने कार्यकर्ताओं से कहा कि राहुल लोधी ने हमारी सरकार को मजबूती देने के लिए विधायकी छोड़ी, इसलिए पार्टी ने उन्हें टिकट दिया है। क्या उन्हें फिर से विधायक बनाना हमारी जिम्मेदारी नहीं है? कार्यकर्ताओं का वचन खाली नहीं जाने दूंगा मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राहुल लोधी सिर्फ प्रतीक हैं, चुनाव भारतीय जनता पार्टी लड़ रही है। प्रधानमंत्री मोदी, मैं, प्रदेश अध्यक्ष वी.डी.शर्मा जी, नरेंद्रसिंह तोमर जी, जयंत मलैया जी, हम सब चुनाव लड़ रहे हैं। लेकिन यहां मुख्य कार्य बूथ के कार्यकर्ता का है। आज मैं यहां आप लोगों को यह वचन देने आया हूं कि बूथ का प्रमुख जनता को जो वचन देगा, मैं उसे खाली नहीं जाने दूंगा। इसलिए आप सब हर बूथ पर भाजपा को जिताने का संकल्प लें। चौहान ने कहा कि आप सब भाजपा को जिताने का संकल्प पूरा करें और दमोह के विकास का, जनकल्याण का संकल्प मैं पूरा करूंगा। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in