झारखंड
युवक ने पेट्रोल डालकर किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस ने बचाया
रांची, 08 अप्रैल (हि.स.)। मैकी रोड निवासी साेनू जायसवाल ने गुरुवार को कोतवाली थाना में अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने उसे बचाया। उसने पुलिस को बताया कि वह कुछ सूदखोरों से 25 प्रतिशत ब्याज पर कर्ज लिया था। कर्ज लौटाने के लिए उसने समय ले लिया है, फिर भी सूदखोर दबाव बना रहे हैं। तंग आकर उसने ऐसा कदम उठाया। पुलिस के अनुसार श्रद्धानंद रोड में सोनू की कपड़े की दुकान है। उसने व्यवसाय के लिए ही कर्ज लिया था। इधर इस संबंध में कोतवाली थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद ने कहा कि आत्मदाह के प्रयास की बात बिल्कुल गलत है। सूदखोरों द्वारा परेशान करने की बात लेकर वह युवक आया था, बाद में कर्ज देने वालों को भी बुलाया गया।दाेनों पक्षों में समझौता हो गया और वे लोग लौट गये। हिन्दुस्थान समाचार/ विकास